देश की पसंदीदा कारों में से एक Maruti Suzuki WagonR जल्द नए अवतार में नजर आ सकती है। हाल ही में इस पॉपुलर कार के अपडेटेड मॉडल को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।
कुछ ऐसी होगी लुक और डिजाइन
लुक्स और डिजाइन की बात करें तो नई वैगनआर का ओवरऑल बॉडी शेप और टॉल-बाय डिजाइन पहले जैसा ही रहने वाला है। स्पाई शॉट्स के अनुसार, इसमें पारंपरिक हेडलाइट्स और पीछे की तरफ वर्टिकल टेल-लैंप्स दिए गए हैं। कार की साइड प्रोफाइल में भी कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलता है। जो मॉडल टेस्ट किया जा रहा था, वह मिड-वैरिएंट लगता है क्योंकि उसमें स्टील व्हील्स, फेंडर पर टर्न इंडिकेटर्स और रियर वाइपर जैसी चीजें नदारद थीं। हालांकि, बंपर और ग्रिल में हल्के-फुल्के बदलाव जरूर देखने को मिल सकते हैं।
पावरट्रेन में हो सकता है बदलाव
वैगनआर के नए मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव इसके बोनट के नीचे यानी इंजन में देखने को मिल सकता है। कंपनी इसमें नया 1.2-लीटर Z12E 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दे सकती है। मारुति अपनी नई स्विफ्ट, डिजायर और हालिया बलेनो फेसलिफ्ट में भी पुराने 4-सिलेंडर इंजन की जगह यह नया 3-सिलेंडर इंजन दे चुकी है। इस नए इंजन से कार की पावर में थोड़ी कमी भले आए, लेकिन इसका सबसे बड़ा फायदा माइलेज में मिलेगा। कंपनी का पूरा ध्यान कार की फ्यूल एफिशिएंसी को और बढ़ाने पर रहेगा।
मिल सकता है अंडरबॉडी सीएनजी टैंक
पावरट्रेन ऑप्शन्स में पेट्रोल के साथ-साथ कंपनी-फिटेड सीएनजी (CNG) का ऑप्शन भी पहले की तरह जारी रहने की उम्मीद है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मारुति नए मॉडल में अंडरबॉडी सीएनजी टैंक टेक्नोलॉजी दे सकती है, जैसा कि हाल ही में ब्रेजा सीएनजी में देखा गया है। अगर ऐसा होता है, तो डिग्गी में सीएनजी सिलेंडर होने के बावजूद सामान रखने के लिए काफी जगह मिल जाएगी।
कब हो सकती है लॉन्च?
लॉन्च और कीमत की बात करें तो नई मारुति वैगनआर को साल 2026 के अंत तक भारतीय मार्केट में उतारा जा सकता है। मौजूदा वैगनआर की एक्स-शोरूम कीमत 4.99 लाख रुपये से शुरू होकर 6.97 लाख रुपये तक जाती है। नए इंजन और संभावित नए फीचर्स के जुड़ने के कारण इसकी कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। बता दें कि मारुति वैगनआर मारुति की बेस्ट-सेलिंग मॉडल और देश की नंबर-1 हैचबैक कार है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.