मारुति सुजुकी अपनी बलेनो और फ्रॉन्क्स का फेसलिफ्ट लाने की तैयारी कर रही है। इन दोनों अपकमिंग कारों के टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। फेसलिफ्ट मॉडल्स में कंपनी कुछ बड़े बदलाव ऑफर कर सकती है।
Maruti Baleno Facelift
टेस्टिंग के दौरान दिखी बलेनो फेसलिफ्ट से साफ है कि कंपनी इसके फ्रंट डिजाइन में बदलाव करने वाली है। नई बलेनो में अपडेटेड फ्रंट बंपर और नया ग्रिल देखने को मिलेगा। ग्रिल के बीच में LED लाइट बार या क्रोम स्ट्रिप दिए जाने की संभावना है, जो दोनों LED DRLs को कनेक्ट कर सकती है। हेडलाइट्स का डिजाइन मौजूदा मॉडल जैसा ही रहेगा, लेकिन इनमें हल्के बदलाव किए जाएंगे। टेस्ट कार में फॉग लैंप नहीं दिखे। हालांकि, उम्मीद है कि प्रोडक्शन मॉडल में यह फीचर मिलेगा। साइड प्रोफाइल में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। कार का सिल्हूट और अलॉय व्हील डिजाइन लगभग पहले जैसा ही रह सकता है। पीछे की तरफ नया बंपर और अपडेटेड LED टेललाइट्स मिलने की संभावना है।
केबिन की बात करें, तो डैशबोर्ड लेआउट मौजूदा मॉडल जैसा ही रहेगा। इसमें मौजूदा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, इलेक्ट्रिक सनरूफ, वायरलेस कनेक्टिविटी और अन्य फीचर्स जारी रहेंगे। इस बार कंपनी वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स भी ऑफर कर सकती है। इंजन में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौजूदा 1.2-लीटर 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन (90 PS और 113 Nm) की जगह नया 1.2-लीटर 3-सिलेंडर Z12E पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। यही इंजन नई Swift और Dzire में भी मिलता है। यह इंजन 81 bhp की पावर और 112 Nm का टॉर्क जनरेट करता है तथा बेहतर माइलेज के लिए ट्यून किया गया है। इसके साथ 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स मिलने की संभावना है।
Maruti Fronx Facelift
मारुति फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट पर भी तेजी से काम कर रही है। इसमें भी नया फ्रंट बंपर, अपडेटेड ग्रिल, हल्के बदलाव वाली हेडलाइट्स, नए अलॉय व्हील्स और रिवाइज्ड LED टेललाइट्स मिलने की उम्मीद है। केबिन का डिजाइन मौजूदा मॉडल जैसा ही रहेगा, लेकिन फीचर लिस्ट में कुछ बड़े बदलाव हो सकते हैं। सबसे अहम अपडेट Level-2 ADAS फीचर हो सकता है। मैकेनिकल अपडेट्स की बात करें, तो फ्रॉन्क्स में सबसे बड़ा बदलाव इसके हाइब्रिड सिस्टम को लेकर होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, मारुति अपनी नई सीरीज हाइब्रिड टेक्नोलॉजी पर काम कर रही है और फ्रॉन्क्स इस सिस्टम को पाने वाली शुरुआती कारों में शामिल हो सकती है।
यह सिस्टम नए 1.2-लीटर Z12E 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन पर बेस्ड होगा, जो मौजूदा 1.2-लीटर 4-सिलेंडर इंजन की जगह ले सकता है। स्पाई फोटोज से यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी 1.0-लीटर Boosterjet टर्बो-पेट्रोल इंजन को Smart Hybrid टेक्नोलॉजी के साथ जारी रखेगी। पहले माना जा रहा था कि फ्रॉन्क्स को इस साल सीरीज सिस्टम मिलेगा, लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी लॉन्चिंग अगले साल तक टल सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.