मारुति सुजुकी ने अपनी Jimny को महंगा कर दिया है। इसे खरीदने के लिए अब आपको 15 हजार रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे। कंपनी ने हाल ही में अपनी ब्रेजा को भी प्राइस हाइक दिया था। आइए जानते हैं डीटेल।
मारुति सुजुकी की 5 दरवाजों वाली यह लाइफस्टाइल एसयूवी भारत में तीन साल से ज्यादा समय से सेल पर है, लेकिन फिलहाल इसमें किसी बड़े अपडेट की उम्मीद नहीं है। हालांकि, विदेशों में इसका एक इलेक्ट्रिक वर्जन टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, लेकिन इसके भारत में आने की संभावना काफी कम है।
मारुति सुजुकी जिम्नी के खास फीचर्स
जिम्नी के एक्सटीरियर में राउंड प्रोजेक्टर हेडलैंप, 5-स्लॉट फ्रंट ग्रिल, फॉग लैंप और मोटी व्हील क्लैडिंग दी गई है। इसमें ग्रे अलॉय व्हील, रेक्टैंगुलर हैलोजन टेल लैंप, टेलगेट पर लगा स्पेयर व्हील, हाई-माउंटेड स्टॉप लैंप और ब्लैक ORVM भी मिलते हैं। इसका बॉक्सी और रगेड डिजाइन इसे एक खास ऑफ-रोड एसयूवी वाला लुक देता है। इंजन की बात करें, तो जिम्नी में 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर K15B पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 103bhp की पावर और 134Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसे 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ ऑफर किया जाता है।
ब्रेजा भी हुई महंगी
मारुति सुजुकी ने अपनी ब्रेजा को भी हाल में प्राइस हाइक दिया है। इस एसयूवी के सभी वेरिएंट महंगे नहीं हुए हैं। कंपनी ने ब्रेजा के सेलेक्टेड सीएनजी वेरिएंट की कीमत में 5 हजार रुपये की बढ़ोतरी की है। ब्रेजा LXi CNG, ZXi CNG और ZXi CNG ड्यूल-टोन वेरिएंट अब 5 हजार रुपये महंगे हो गए हैं। इन तीनों वेरिएंट की कीमत में एक जैसी बढ़ोतरी की गई है। ब्रेजा के बाकी सभी वेरिएंट की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस प्राइसहाइक के बाद भी ब्रेजा की शुरुआती कीमत 7.40 लाख रुपये और टॉप-स्पेक वेरिएंट की कीमत 13.70 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
5 सितंबर को आ रही नई बलेनो
मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) अपनी पॉप्युलर प्रीमियम हैचबैक Baleno का फेसलिफ्ट मॉडल भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इसकी एंट्री 5 सितंबर को होने वाली है। नई बलेनो में आपको सिर्फ डिजाइन और फीचर्स में ही नहीं, बल्कि पावरट्रेन में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट के अनुसार सबसे खास बात यह है कि 2026 बलेनो को चार इंजन-गियरबॉक्स कॉम्बिनेशन के साथ लॉन्च किया जाएगा। इसमें पहली बार सीएनजी के साथ AMT गियरबॉक्स का ऑप्शन भी मिलेगा। नई बलेनो के एक्सटीरियर में भी कुछ बदलाव किए जाएंगे। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप और नया फ्रंट बंपर मिल सकता है। नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी दिए जाएंगे। पीछे की तरफ बंपर में बदलाव और टेललैंप के आसपास मामूली अपडेट देखने को मिल सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
