मारुति सुजुकी अपनी पॉपुलर प्रीमियम हैचबैक बलेनो को नए अवतार में पेश करने की पूरी तैयारी कर चुकी है। बता दें कि कंपनी 5 सितंबर, 2026 को नई मारुति बलेनो लॉन्च करने जा रही है।
कुछ ऐसी होगी डिजाइन
अगर कार के डिजाइन और लुक की बात करें तो इसके फ्रंट प्रोफाइल में सबसे बड़े बदलाव किए गए हैं। इसमें नई डिजाइन की ग्रिल मिलेगी, जिस पर हेडलाइट्स को जोड़ता हुआ एक नया क्रोम बार दिया जा सकता है। कार के फ्रंट बम्पर को भी नया शेप दिया गया है। हालांकि, इसमें पहले वाले बूमरैंग-शेप LED DRLs बरकरार रहेंगे। साइड प्रोफाइल में नए अलॉय व्हील्स कार को फ्रेश लुक देंगे, जबकि रियर सेक्शन में नया बम्पर दिया जा सकता है। कार के टेल-लैम्प्स, रूफ स्पॉइलर और वाइपर को पुराने मॉडल जैसा ही रखा जाएगा।
मिल सकता है ADAS सेफ्टी
कार के केबिन को पहले से ज्यादा प्रीमियम और टेक-सेवी बनाया गया है। इसमें नए थीम वाला डुअल-टोन इंटीरियर, नई अपहोल्स्ट्री और एम्बिएंट लाइटिंग मिलेगी। हालांकि, डैशबोर्ड लेआउट, 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एसी वेंट्स और स्टीयरिंग व्हील पुराने मॉडल जैसे ही रहेंगे। आराम के लिए इसमें पहली बार वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और एक सिंगल-पेन सनरूफ दिया जा सकता है। सबसे बड़ा सरप्राइज इसमें मिलने वाला ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) सेफ्टी फीचर हो सकता है।
पावरट्रेन में भी बदलाव संभव
पावरट्रेन में भी इस बार एक बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। मारुति बलेनो में अब पुराने 4-सिलेंडर इंजन की जगह नई स्विफ्ट और डिजायर वाला 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। लेकिन सबसे बड़ा और खास अपडेट इसके CNG मॉडल में देखने को मिलेगा। मारुति पहली बार अपनी CNG बलेनो में ऑटोमैटिक (AMT) गियरबॉक्स का ऑप्शन देने जा रही है।
इन कारों से होगा मुकाबला
नई मारुति सुजुकी बलेनो अपने मौजूदा मॉडल के मुकाबले थोड़ी महंगी हो सकती है। हालांकि, नए फीचर्स के दम पर यह ग्राहकों को खूब लुभाएगी। भारतीय मार्केट में इसका सीधा मुकाबला टाटा अल्ट्रोज, हुंडई i20 और टोयोटा ग्लैंजा जैसी गाड़ियों से रहेगा। वहीं, CNG में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ADAS जैसे फीचर्स की एंट्री के बाद यह प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में एक बार फिर से अपनी बादशाहत कायम करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
30 km से ज्यादा है माइलेज
मौजूदा मारुति सुजुकी बलेनो में 1.2-लीटर का 4-सिलेंडर K12N डुअलजेट पेट्रोल इंजन मिलता है। यह 88.5bhp की पावर और 113Nm का टॉर्क जनरेट करता है। जबकि CNG मोड में यह इंजन 77.5bhp की पावर और 98.5Nm का टॉर्क देता है। इसका पेट्रोल मॉडल करीब 23 किमी/लीटर और CNG मॉडल 30.61 किमी/किलोग्राम तक का माइलेज देता है। बता दें कि बलेनो लंबे टाइम से देश की बेस्ट-सेलिंग प्रीमियम हैचबैक भी है। मौजूदा बलेनो की एक्स-शोरूम कीमत 5.99 लाख से शुरू होकर टॉप-एंड वैरिएंट के लिए 9.47 लाख रुपये तक जाती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.