मारुति सुजुकी अपनी नई बलेनो को लॉन्च करने वाली है। इसकी एंट्री अगले महीने 5 तारीख को होने वाली है। नई बलेनो में कंपनी कई बड़े बदलाव ऑफर कर सकती है। आइए जानते हैं डीटेल।
फ्रंट डिजाइन में होंगे बदलाव
नई बलेनो में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट प्रोफाइल में देखने को मिल सकता है। टेस्टिंग के दौरान दिखी कार में पहले से ज्यादा स्लिम ग्रिल नजर आई है। ग्रिल के ऊपर एक पतली क्रोम स्ट्रिप दी गई है, जो दोनों हेडलैंप्स को कनेक्ट करती है। इससे कार का फ्रंट लुक मौजूदा मॉडल के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम हो सकता है। रियर प्रोफाइल में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। साइड से लुक को नया बनाने के लिए 16-इंच अलॉय व्हील्स का डिजाइन बदला जा सकता है।
केबिन में मिल सकता है नया कलर थीम
नई बलेनो के इंटीरियर में एक्सटीरियर की तुलना में कम बदलाव होने की उम्मीद है। टेस्ट म्यूल्स से अंदाजा लगाया जा रहा है कि नई बलेनो में मौजूदा मॉडल वाला डैशबोर्ड ही दिया जा सकता है। हालांकि, नई अपहोल्स्ट्री और रिफ्रेश्ड इंटीरियर कलर थीम मिल सकती है। फीचर्स की बात करें, तो बलेनो में मौजूदा हेड्स-अप डिस्प्ले (HUD) जारी रह सकता है, जो इस सेगमेंट की खास खूबियों में से एक है।
इसके अलावा 9-इंच इन्फोटेनमेंट सिस्टम को ब्रेजा में दिए गए 10.1-इंच यूनिट से अपग्रेड किए जाने की संभावना है। क्लाइमेट कंट्रोल, एनालॉग-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और हाइट-एडजस्टेबल ड्राइवर सीट जैसे फीचर्स पहले की तरह कंटिन्यू रह सकते हैं। हालांकि, सेगमेंट में तगड़े कॉम्पिटिशन को देखते हुए कंपनी नई बलेनो में कुछ नए फीचर्स जोड़ती है या नहीं, इसका पता लॉन्च के समय ही चलेगा।
मिल सकता है बूस्टरजेट इंजन का ऑप्शन
मेकैनिकली नई बलेनो में मौजूदा 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन ही ऑफर किया जा सकता है। यह इंजन करीब 88bhp की पावर और 113Nm का टॉर्क देता है। इसे 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स के साथ ऑफर किया जा सकता है। CNG वर्जन भी मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आते रहने की उम्मीद है। सबसे बड़ा सवाल 1.0-लीटर Boosterjet टर्बो-पेट्रोल इंजन को लेकर है। यह इंजन पहले से फ्रॉन्क्स में मिलता है और हाल ही में ब्रेजा में भी इसे ज्यादा पावर के साथ इंट्रोड्यूस किया गया है। फ्रॉन्क्स और बलेनो एक ही प्लेटफॉर्म शेयर करती हैं और इसलिए तकनीकी तौर पर इस इंजन को बलेनो में फिट करना संभव है।
टाटा ऑल्ट्रोज और हुंडई i20 से मुकाबला
प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में पहले जैसी बिक्री भले ही नहीं रही हो, लेकिन बलेनो के लिए मुकाबला अभी भी तगड़ा है। टाटा ऑल्ट्रोज को करीब एक साल पहले अपडेट किया गया था और इसमें पेट्रोल, डीजल और डुअल-सिलेंडर CNG जैसे ऑप्शन मिलते हैं। वहीं, हुंडई i20 भी बाजार में अपनी जगह बनाए हुए है और इसका ज्यादा स्पोर्टी i20 N Line वर्जन भी ग्राहकों को काफी पसंद है। ऐसे में 5 सितंबर को आने वाली अपडेटेड बलेनो के लिए नए फीचर्स और इंजन ऑप्शन ऑफर करना काफी जरूरी है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.