मारुति सुजुकी अगले डेढ़ साल में अपने पोर्टफोलियो को काफी मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी अपने इलेक्ट्रिक और बायोफ्लेक्स जैसी नई तकनीकों वाले वाहनों पर तेजी से काम कर रही है।
मारुति की नई एमपीवी
सामने आईं जासूसी तस्वीरों से पता चलता है कि मारुति की इस नई इलेक्ट्रिक एमपीवी की ऊंचाई काफी अच्छी होगी। इसका व्हीलबेस कंपनी की मौजूदा एमपीवी गाड़ियों की तुलना में काफी बड़ा होने वाला है। इस गाड़ी की लंबाई करीब 4.5 मीटर के आसपास रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इसे e-Vitara वाले इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही ग्राहकों को इसमें अलग-अलग साइज के बैटरी पैक के ऑप्शन भी मिल सकते हैं।
500 किमी से ज्यादा मिलेगा रेंज
कंपनी की इस नई इलेक्ट्रिक एमपीवी को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह एक बार फुल चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से ज्यादा की ड्राइविंग रेंज देगी। इलेक्ट्रिक के अलावा कंपनी वैकल्पिक ईंधन यानी अल्टरनेटिव फ्यूल पर भी अपना फोकस बढ़ा रही है। हाल ही में वैगनआर बायोफ्लेक्स पेश करने के बाद मारुति ने साफ संकेत दिए हैं कि एथेनॉल से चलने वाली यह तकनीक सिर्फ एक मॉडल तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले दिनों में कंपनी अपनी अन्य सस्ती और पॉपुलर कारों में भी बायोफ्लेक्स इंजन पेश करने की तैयारी कर रही है।
बलेनो, फ्रोंक्स को भी बड़ा अपडेट
मारुति सुजुकी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल बलेनो और फ्रोंक्स को भी बड़ा अपडेट मिलने जा रहा है। बलेनो अपनी सेकेंड जेनरेशन के पहले मेजर फेसलिफ्ट के करीब है। टेस्ट मॉडल्स से पता चला है कि इसके फ्रंट और रियर लुक में बदलाव होंगे, साथ ही नया इंटीरियर और कई नए फीचर्स जोड़े जाएंगे। वहीं, फ्रोंक्स के डिजाइन में बदलाव देखने को मिलेंगे। इसकी बढ़ती पॉपुलैरिटी को देखते हुए इसमें लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे सेफ्टी फीचर्स मिलने की पूरी संभावना है।
अब टेक्नोलॉजी पर कंपनी का फोकस
पहले के ट्रेंड्स के उलट, जहां मारुति का मुख्य ध्यान सिर्फ एसयूवी रेंज को बढ़ाने पर रहता था, इस बार कंपनी हर सेगमेंट और टेक्नोलॉजी पर फोकस कर रही है। हाल ही में कंपनी ने अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा का मिड-साइकिल अपडेट लॉन्च किया है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन, 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और कई नए फीचर्स दिए गए हैं। मारुति सुजुकी की यह नई रणनीति भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में अपनी पकड़ को और ज्यादा मजबूत करने की ओर एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
