(तस्वीरों के साथ)
जालंधर, 23 अगस्त आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा कि पार्टी की युवा शाखा द्वारा सरकार के ‘नशा के विरुद्ध युद्ध’ अभियान के तहत यहां आयोजित ‘यूथ रन पंजाब 2026’ से पता चलता है कि राज्य नशे को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है। यहां जारी एक बयान के अनुसार, सिसोदिया और भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन ने पांच किलोमीटर की दौड़ को हरी झंडी दिखाई, जिसमें हजारों युवाओं और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बाद में उन्होंने विजेताओं को 11,000 रुपये तक के नकद पुरस्कार वितरित किए।
सभा को संबोधित करते हुए सिसोदिया ने कहा कि यह आयोजन महज कुछ किलोमीटर की दौड़ से कहीं अधिक था। उन्होंने कहा, ‘‘यह मैराथन उस पंजाब की आवाज है, जो नशे, निराशा और हार मानने की मानसिकता को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है।’’
पार्टी के बयान में कहा गया कि मान के नेतृत्व में पंजाब अपनी पुरानी ‘उड़ता पंजाब’ की छवि को पीछे छोड़कर युवाओं के दम पर ‘खेलता-दौड़ता पंजाब’ के रूप में उभर रहा है। आप पंजाब युवा विकास बोर्ड के अध्यक्ष परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि मैराथन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी पंजाब के युवाओं में ‘रंगला पंजाब’ बनाने में योगदान देने के प्रति बढ़े उत्साह को दर्शाती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.