हिंदी सिनेमा और दक्षिण भारतीय सिनेमा के निर्देशक मणिरत्नम आज यानी की 02 जून को अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। मणिरत्नम ने कई बेहतरीन और शानदार फिल्मों का निर्देशन करके पूरी दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मणिरत्नम ने हिंदी, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा की फिल्में बनाई हैं। दर्शक भी उनकी फिल्मों का बड़ी बेसब्री से इंतजार करते हैं। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर मणिरत्नम के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…
जन्म और परिवार
तमिलनाडु के मदुरै में 02 जून 1956 को मणिरत्नम का जन्म हुआ था। वह मद्रास में पले बढ़े हैं। उनके पिता वीनस पिक्चर्स में बतौर फिल्म वितरक काम करते थे। फिल्मी बैकग्राउंड से होने के बाद भी मणिरत्नम इस क्षेत्र में नहीं आना चाहते थे। इसलिए उन्होंने मैनेजमेंट का रुख किया और एक कंपनी में कंसल्टेंट के रूप में काम करने लगे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और मणिरत्नम को फिल्मी दुनिया में आना ही पड़ा।
फिल्मी सफर
मणिरत्नम के दोस्त रवि शंकर फिल्म ‘अनु पल्लवी अनु’ बना रहे थे। इसके लिए उन्होंने मणिरत्नम ने सहायता मांगी और स्क्रीनप्ले लिखने के लिए कहा। मणिरत्नम ने शानदार स्क्रीनप्ले लिखा और यहीं से उनके फिल्मी सफर की शुरूआत हो गई। इस फिल्म में अभिनेता अनिल कपूर नजर आए थे। इस फिल्म को कर्नाटक के स्टेट अवॉर्ड से नवाजा गया था।
मणिरत्नम को असली पॉपुलैरिटी तमिल फिल्म ‘माउंगा रंगम’ से मिली थी। साल 1987 में उन्होंने फिल्म ‘लायकन’ बनाई थी। इस फिल्म में अभिनेता कमल हसन थे और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट हुई थी, जिसके बाद इंडस्ट्री में मणिरत्नम की मांग बढ़ने लगी। मणिरत्नम को लीक से हटकर फिल्में बनाने के लिए जाना जाता है। उन्होंने आतंकवाद, पॉलिटिकल ड्रामा से लेकर क्लासिक लव स्टोरी जैसी फिल्में बनाई हैं।
वहीं मणिरत्नम की हिंदी फिल्मों की बात करें, तो उन्होंने फिल्म ‘दिल से’ बनाई थी। इसके अलावा उन्होंने ‘बॉम्बे’ और ‘गुरु’ जैसी बेहतरीन फिल्में दी हैं। बता दें कि मणिरत्नम ने अब तक 26 फिल्मों का निर्देशन किया है। वहीं उनको पद्मश्री के अलावा 6 बार नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.