महिंद्रा अपनी पॉप्युलर 3-डोर थार को जल्द ही बड़ा अपडेट देने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इसके दो टेस्ट मॉडल एक साथ टेस्टिंग के दौरान नजर आए हैं। इसका डिजाइन काफी हद तक बड़ी थार रॉक्स से मिलता-जुलता हो सकता है।
नए LED हेडलैंप और बदली ग्रिल
स्पाई वीडियो में नई थार के फ्रंट और रियर पार्ट को कैमोफ्लाज से ढका हुआ देखा गया है। सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट डिजाइन में देखने को मिलेगा। इसमें राउंड LED हेडलैंप के साथ LED DRLs दिए जाने की उम्मीद है, जो थार रॉक्स से इंस्पायर्ड होंगे। पहले देखे गए टेस्ट मॉडल में रॉक्स जैसी ग्रिल दिखाई दी थी, लेकिन नए टेस्ट म्यूल में चार स्लैट वाली ज्यादा क्लीन और चौड़ी ग्रिल नजर आई है। फ्रंट बंपर में भी बदलाव होने की संभावना है और इसमें पार्किंग सेंसर मिल सकते हैं।
18-इंच अलॉय व्हील्स
साइड प्रोफाइल में मौजूदा थार की डिजाइन को काफी हद तक कंटिन्यू रखा जाएगा। इसमें वही चंकी बॉडी क्लैडिंग, दरवाजे, ORVMs और ब्लैक ग्रैब हैंडल मिलेंगे। हालांकि, नई 10-स्पोक 18-इंच अलॉय व्हील्स इसे पहले से ज्यादा प्रीमियम लुक देंगी। पीछे की तरफ नई LED टेललाइट्स और नया बंपर मिलने की उम्मीद है। रियर बंपर में भी रिवर्स पार्किंग सेंसर दिए जा सकते हैं।
थार रॉक्स से मिल सकता है बड़ा डिजिटल अपग्रेड
केबिन का बेसिक लेआउट मौजूदा मॉडल जैसा ही रह सकता है, लेकिन फीचर्स में बड़ा बदलाव होगा। नई थार में थार रॉक्स वाला 12.3-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद है। इसमें नेविगेशन, ऑफ-रोड डेटा, ड्राइविंग जानकारी, माइलेज और वाहन अलर्ट जैसी जानकारी दिखाई जा सकती है। इसके अलावा वेंटिलेटेड सीट्स, Harman Kardon ऑडियो सिस्टम और ADAS Level 2 भी मिल सकता है। ADAS में फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन डिपार्चर वार्निंग, लेन कीप असिस्ट और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।
इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
मेकैनिकली नई थार में मौजूदा इंजन ऑप्शन जारी रहने की संभावना है। इसमें 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल, 1.5-लीटर डीजल और 2.2-लीटर डीजल इंजन मिल सकते हैं। इन्हें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ लाया जा सकता है। रियर-व्हील ड्राइव और चुनिंदा पेट्रोल-डीजल वेरिएंट में 4×4 सिस्टम भी आता रहेगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.