महिंद्रा ने जुलाई, 2026 में ताबड़तोड़ गाड़ियों की बिक्री की है। भारतीय मार्केट में कंपनी की एसयूवी की भारी मांग देखने को मिल रही है। घरेलू मार्केट में महिंद्रा ने अकेले 60,000 से ज्यादा एसयूवी बेच डाली हैं।
20% बढ़ गई एसयूवी की बिक्री
पैसेंजर व्हीकल बिजनेस की बात करें, तो महिंद्रा की एसयूवी की देश में जबरदस्त पकड़ बनी हुई है। बता दें कि जुलाई, 2026 में कंपनी ने भारत में 60,048 एसयूवी बेची हैं। वहीं, पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 49,871 यूनिट का था। यानी सीधे 20 पर्सेंट की सालाना बढ़त मिली है। हालांकि, जून 2026 के मुकाबले जुलाई में बिक्री थोड़ी स्थिर रही। जून में महिंद्रा ने 60,393 एसयूवी बेची थीं।
47% बढ़ गया एक्सपोर्ट
कमर्शियल व्हीकल्स और थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी महिंद्रा का प्रदर्शन शानदार रहा। छोटे कमर्शियल व्हीकल्स (LCV) की बिक्री में 20 से 40 पर्सेंट तक का इजाफा देखा गया। सबसे ज्यादा तेजी थ्री-व्हीलर सेगमेंट में देखने को मिली। इसमें इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर भी शामिल हैं। इसकी बिक्री जुलाई में 53 पर्सेंट बढ़कर 14,538 यूनिट हो गई। इसके साथ ही गाड़ियों के एक्सपोर्ट में भी 47 पर्सेंट की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बता दें कि जुलाई महीने में महिंद्रा ने कुल 4,070 गाड़ियां दूसरे देशों में भेजीं।
ट्रैक्टर बिजनेस ने भी पकड़ी रफ्तार
ग्रामीण इलाकों में मांग बढ़ने से महिंद्रा के ट्रैक्टर बिजनेस ने भी रफ्तार पकड़ ली है। बता दें कि जुलाई, 2026 में कंपनी ने देश में 32,643 ट्रैक्टर बेचे। एक्सपोर्ट मिलाकर यह आंकड़ा 34,420 यूनिट तक पहुंच गया। कंपनी का कहना है कि इस साल अच्छी बारिश और जलाशयों में पानी का स्तर बेहतर होने से किसानों का मूड अच्छा है। समय पर खरीफ फसलों की बुआई और सरकार की मदद से ग्रामीण इलाकों में पैसों का बहाव बढ़ा है।
बस और ट्रक्स भी खूब बिकीं
महिंद्रा के ट्रक्स और बस बिजनेस ने भी दो अंकों डबल-डिजिट में बढ़त हासिल की है। बता दें कि जुलाई में कंपनी ने कुल 3,009 ट्रक और बसें बेचीं। इस दौरान बिक्री में 19 पर्सेंट की सालाना बढ़ोतरी हुई है। इसमें सामान ढोने वाली गाड़ियों (कार्गो) की बिक्री 15 पर्सेंट बढ़ी है। जबकि सवारी गाड़ियों की बिक्री में 23 पर्सेंट की बढ़त आई है। कुल मिलाकर, महिंद्रा का यह ऑल-राउंड प्रदर्शन दिखाता है कि हर सेगमेंट में उसकी गाड़ियों को ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं। आने वाले फेस्टिव सीजन में कंपनी को इससे भी बेहतर बिक्री की उम्मीद है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
