छुट्टियों में अगर विदेश घूमने का मन है तो इस बार दुबई या थाईलैंड से थोड़ा अलग डेस्टिनेशन चुन सकते हैं। ओमान भारतीय यात्रियों के लिए ऐसा विकल्प है जहां एक ही देश में समुद्र, पहाड़, पुराने किले, पारंपरिक बाजार, लग्जरी से लेकर बजट होटल और कई एक्टिविटी देखने को मिल सकती हैं।
मस्कट से शुरू करें ट्रैवल जर्नी
ओमान की राजधानी मस्कट से यात्रा शुरू करना सबसे आसान रहेगा। यहां पहुंचते ही समुद्र के किनारे बने शानदार होटल, साफ-सुथरी सड़कें और पहाड़ों से घिरा शहर आपका ध्यान खींचता है। अर्जुन चड्ढा कंट्री मैनेजर इंडिया ओमान टूरिज्म ने बताया कि मस्कट में सुल्तान काबूस ग्रैंड मस्जिद, रॉयल ओपेरा हाउस, राष्ट्रीय संग्रहालय, अल आलम महल और मुतराह बाजार देखे जा सकते हैं। दिन में ऐतिहासिक जगहों की सैर के बाद शाम समुद्र के किनारे बिताई जा सकती है।
बच्चों के साथ जा सकते हैं स्नो ओमान
ओमान का नाम सुनते ही शायद बर्फ का ख्याल न आए, लेकिन मस्कट में स्नो ओमान बच्चों के लिए अलग अनुभव दे सकता है। गर्म मौसम के बीच बर्फ से भरी जगह पर समय बिताना बच्चों को खासा पसंद आ सकता है। ओमान मॉल में स्नो ओमान बना है। यहां रोमांचक झूले, बर्फ पर स्केटिंग और अलग-अलग तरह की एक्टिविटी की जा सकती हैं। पेंगुइन को करीब से देखने का मौका भी मिलता है। पूरे पार्क को बर्फ से ढके ओमान के रेगिस्तान, लोकल बिल्डिंग और जहाज की थीम से बनाया गया है। इसे बच्चों के लिए ओमान जर्नी में जोड़ सकते हैं।
शादी के बाद घूमने वालों के लिए बेस्ट है जबल अखदर
मस्कट से आगे बढ़ते ही यात्रा का रंग बदल जाता है। जेबल अखदर की पहाड़ियों में पहुंचकर ऐसा लगता है जैसे शहर की गर्मी और भीड़ काफी पीछे छूट गई हो। पहाड़ों पर बने शानदार होटल में ठहरना नवविवाहित जोड़ों के लिए अच्छा अनुभव हो सकता है। शाम को पहाड़ों के बीच सूर्यास्त और रात में साफ आसमान में तारों को देखना यहां की खासियत है। हालांकि, यहां ठहरना थोड़ा महंगा हो सकता है। शानदार पहाड़ी होटल में एक रात का खर्च कई बार 20,000 रुपये से ऊपर जा सकता है। इसलिए कम बजट में यात्रा करने वाले लोग मस्कट या आसपास के दूसरे होटलों को चुन सकते हैं।
दोस्तों के साथ जाएं मसिराह
अगर यात्रा परिवार के बजाय दोस्तों के साथ है तो मसिराह आयरलैंड को यात्रा में शामिल किया जा सकता है। समुद्र का लंबा किनारा, तेज हवाएं, काइट सर्फिंग, पहाड़ी रास्ते और सूर्यास्त देखना.. इसे रोमांचक बना देते हैं। यहां समुद्र किनारे बने मसिराह द्वीप रिजॉर्ट में ठहरने का विकल्प है। हाल की होटल दरों में दो लोगों के लिए एक रात का कमरा करीब 10,000 रुपये से 20,000 रुपये के आसपास रहता है। हालांकि तारीख और कमरे के टाइप से कीमत अलग हो सकती है। रात में कछुओं को देखने का अनुभव भी इस यात्रा का खास हिस्सा हो सकता है।
ओमान में मस्कट, जबल अखदर और मसिराह आइलैंड घूमने वाले इलाकों में माहौल काफी सामान्य और सुरक्षित नजर आता है। हालांकि, आसपास के देशों में तनाव को देखते हुए जाने से पहले फ्लाइट और सरकारी ट्रैवल एडवाइजरी जरूर देख लें।
क्यों अलग है ओमान?
ओमान में प्रकृति और संस्कृति ज्यादा करीब से देखने को मिलती है। एक तरफ मस्कट के शानदार होटल हैं तो दूसरी तरफ पुराने किले और पारंपरिक बाजार। कुछ घंटे आगे बढ़ने पर पहाड़ मिलते हैं और फिर समुद्र के बीच बसा द्वीप। यही वजह है कि जो भारतीय यात्री विदेश में सिर्फ खरीदारी या शहर घूमने के बजाय कुछ नया अनुभव करना चाहते हैं, उनके लिए ओमान एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है।
कुल कितना खर्च आएगा?
अगर दिल्ली से दो लोग 4-5 दिन के लिए ओमान जाते हैं और बहुत महंगे होटल के बजाय अच्छे मीडियम केटेगरी के होटल चुनते हैं, तो केवल हवाई टिकट और होटल पर प्रति व्यक्ति करीब 45,000 से लेकर 70,000 रुपये तक का खर्च आएगा। इसमें फूड, लोकल ट्रांसपोर्ट, घूमने की जगहों के टिकट और एक्टिविटी का खर्च शामिल नहीं है। अगर सभी खर्च मिलाए जाएं तो एक व्यक्ति के लिए 1 लाख रुपये तक का खर्च आराम से आएगा।
कितना आएगा खर्च?
अगर दिल्ली से ओमान जाने की योजना है तो अगस्त में एकतरफा हवाई किराया करीब 12,000-16,000 रुपये से शुरू है। दिल्ली से ओमान का रिटर्न फेयर 20,000 से 30,000 के बीच आएगा। पहले हवाई टिकट कराना फायदेमंद रहेगा। रहने के लिए यहां बजट से लेकर महंगे होटल तक कई विकल्प हैं। सामान्य अच्छे होटल में एक रात के लिए करीब 8,000 से 15,000 रुपये का खर्च आ सकता है, जबकि समुद्र किनारे बने शानदार पांच सितारा होटल में यह खर्च काफी ज्यादा हो सकता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.