केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि 2047 तक भारत की अर्थव्यवस्था में लगभग 26 ट्रिलियन डॉलर और जुड़ने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि विकास की यह रफ्तार इतिहास में बेमिसाल होगी.
गोयल के मुताबिक, आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. 2027-28 तक यह तीसरी सबसे बड़ी हो जाएगी और 2047 तक भारत एक विकसित देश बनकर 30-35 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला होगा.
बीते चार साल में 9 बड़े समझौते
ग्लोबल इकोनॉमिक कोऑपरेशन फोरम में बोलते हुए गोयल ने कहा कि अब आर्थिक अलगाव का दौर खत्म हो चुका है. भारत मजबूती के साथ ट्रेड डील कर रहा है और बीते चार साल में 9 बड़े समझौते किए गए हैं. आगे भी कई और समझौते होने की संभावना है.
16 एफटीए और 6 पीटीए के जरिए 38 विकसित देशों से जुड़ा है भारत
गोयल ने कहा कि भारत हर बातचीत में अपने राष्ट्रीय हितों को प्रायोरिटी देता है. किसानों, एमएसएमई, महिलाओं और उद्योगों के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं, साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा भी की जा रही है. उन्होंने बताया कि भारत आज 16 फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) और 6 प्रेफरेंशियल ट्रेड एग्रीमेंट (PTA) के जरिए 38 विकसित देशों से जुड़ा है.
अनिश्चितता की दौर से गुजर रही है दुनिया
इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि दुनिया अनिश्चितता की दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है और ग्लोबल स्टेबलिटी में भी योगदान देना चाहता है.
ग्लोबल ट्रेड में बड़े बदलाव
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ग्लोबल ट्रेड में बड़े बदलाव हो रहे हैं. सप्लाई चेन फिर से तैयार हो रही हैं और सेमीकंडक्टर, ऊर्जा, फूड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे सेक्टर अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हैं. ऐसे समय में मजबूत और समावेशी आर्थिक व्यवस्था बनाना जरूरी है.
किसानों और एमएसएमई के हित पूरी तरह सुरक्षित
वहीं गोयल ने भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि जब इस समझौते का अंतिम मसौदा सार्वजनिक होगा, तब किसानों की ओर से एक भी शिकायत नहीं आएगी. सरकार ने किसानों और एमएसएमई के हितों की पूरी तरह सुरक्षा की है. गोयल ने साफ किया कि अभी समझौते के अंतिम दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं, इसलिए वह पहले से ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते. लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन क्षेत्रों को सुरक्षित रखना जरूरी था, उन्हें पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने अब तक किसी भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट में डेयरी सेक्टर को नहीं खोला है यानी दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स के मामले में विदेशी कंपनियों को भारत में खुली छूट नहीं दी गई है.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.