Rice Export : भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील का ऐलान होते ही चावल निर्यात का पहला ऑर्डर हासिल कर लिया है. देश के एक चावल निर्यातक को अमेरिकी व्यापारी से 5 हजार टन चावल के निर्यात का ऑर्डर मिला है.
भारत को अमेरिका से 5 हजार टन चावल निर्यात का ऑर्डर मिला है.
महासंघ ने कहा कि यह एक अहम घटनाक्रम है, क्योंकि यह भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिये जाने के बाद आया है. इसके तहत अमेरिका भारतीय सामान पर मौजूदा 25 फीसदी शुल्क को घटाकर 18 फीसदी तक करने पर सहमत हो गया है. आईआरईएफ के सदस्यों में से एक ने अमेरिका में एक लिवाल को 5,000 टन बासमती चावल आपूर्ति करने के लिए एक सफल वाणिज्यिक समझौता किया है. आईआरईएफ ने कहा कि उसने अपने सभी सदस्यों को अपनी निर्यात गतिविधियों में गुणवत्ता मानक बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया है.
भारत में कितना चावल उत्पादन
भारत अभी दुनिया में सबसे ज्यादा चावल का उत्पादन कर रहा है, जो पिछले वित्तवर्ष में रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया. पिछले वित्तवर्ष 2024-25 में भारत ने करीब 15 करोड़ टन चावल का उत्पादन किया और चीन को पीछे छोड़ दिया. चीन का कुल चावल उत्पादन करीब 14.52 करोड़ टन रहा था. इस लिहाज से देखा जाए तो भारत अभी दुनिया में सबसे ज्यादा चावल का उत्पादन करने वाला देश है. अभी तक चीन इस मामले में सबसे आगे था.
चावल का कितना निर्यात
भारत ने पिछले साल यानी 2025 में कुल करीब 2.155 करोड़ टन चावल का निर्यात किया है. यह इससे पहले के साल यानी 2024 के मुकाबले 19.4 फीसदी ज्यादा है. हालांकि, भारत का सबसे ज्यादा चावल निर्यात साल 2022 में था, जब रिकॉर्ड 2.23 करोड़ टन चावल भेजा गया था. इसमें गैर बासमती चावल का निर्यात 1.51 करोड़ टन और बासमती का निर्यात 64 लाख टन के आसपास रहा था. भारत न सिर्फ चावल उत्पादन में सबसे आगे है, बल्कि यह दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक भी है.
अमेरिका को कितना चावल निर्यात
भारत से अमेरिका को चावल निर्यात लगातार बढ़ रहा है. साल 2024 में भारत ने करीब 3,200 करोड़ रुपये का चावल अमेरिका को भेजा था. पिछले साल यानी 2025 के जनवरी से नवंबर तक के आंकड़े देखें तो भारत का अमेरिका को चावल निर्यात 3,26,400 टन रहा था. वित्तवर्ष 2025 में बासमती चावल का निर्यात 2,74,312 टन यानी करीब 33.7 करोड़ डॉलर रहा था. गैर बासमती चावल का निर्यात भी 61,341 टन के आसपास पहुंच गया. भारत से सबसे ज्यादा निर्यात प्रीमियम चावल का होता है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.