भारत में आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिए घुसपैठ करने वाले लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक पाकिस्तानी आतंकी ने अपना सपना पूरा करने के लिए मिशन को बीच में रोक दिया। आतंकी ने श्रीनगर में हेयर ट्रांसप्लांट कराया और फर्जी आधार-पैन बनवाकर भारत से भागने की योजना बना रहा था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रविवार को बताया कि आतंकी का नाम मोहम्मद उस्मान जट उर्फ ‘चाइनीज’ है। पूछताछ में उसने दावा किया कि कश्मीर की असली जिंदगी देखने के बाद उसके मकसद पूरी तरह बदल गए। आतंकी ने बताया कि पाकिस्तान में लश्कर के ट्रेनिंग कैंपों में उसे कश्मीर को लेकर जो बताया गया था, वहां तस्वीर बिल्कुल अलग थी। श्रीनगर पुलिस ने पिछले महीने उस्मान जट और अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा को गिरफ्तार किया था। दोनों को जम्मू-कश्मीर के बाहर स्लीपर आतंकी ठिकाने बनाने का काम सौंपा गया था। पूछताछ के दौरान जट ने बताया कि दोनों ने जम्मू-कश्मीर में उत्तरी हिस्से में कहां से घुसपैठ की थी। उसने किन-किन जगहों पर रहे, वह भी बताया। अधिकारियों के मुताबिक, अबू हुरैरा लश्कर-ए-तैयबा का सबसे लंबे समय तक बचा रहने वाला आतंकी है। वहीं उस्मान जट लाहौर का रहने वाला है और लश्कर का प्रशिक्षित ऑपरेटिव है। वह उत्तर और मध्य कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा। गिरफ्तार आतंकी ने बताया कि वह कई सालों से गंभीर हेयर लॉस की समस्या से जूझ रहा था, जिससे उसका आत्मविश्वास काफी प्रभावित हुआ था। उसने कहा कि उसने पहले भी हेयर रिस्टोरेशन प्रक्रिया के बारे में सुना था, लेकिन उसे लगता था कि यह सिर्फ पश्चिमी देशों में मिलने वाली महंगी सुविधा है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर की ऊपरी पहाड़ियों में रहने के दौरान उसकी मुलाकात पाकिस्तानी आतंकियों जरगाम और अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा से हुई। उसने उन लोगों के बारे में भी जानकारी दी जिनके साथ वह ठहरा था। इसी जानकारी के आधार पर श्रीनगर पुलिस ने उत्तर कश्मीर और श्रीनगर शहर में सक्रिय आतंकियों के ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। OGW नेटवर्क के बारे में जानकारी देते हुए गिरफ्तार आतंकी ने कहा कि जरगाम उसे एक दुकान पर ले गया और बताया कि दुकान का मालिक भरोसेमंद व्यक्ति है। दुकानदार से बातचीत के दौरान जट को पता चला कि उसने खुद भी हेयर ट्रांसप्लांट कराया है। इसके बाद आतंकी लगातार उस दुकानदार के संपर्क में रहा और उससे हेयर ट्रांसप्लांट कराने में मदद मांगी। अधिकारियों ने बताया कि आखिरकार उसे शहर के भीतर ही एक क्लिनिक ले जाया गया, जहां उसका हेयर ट्रांसप्लांट किया गया। कई बार प्रक्रिया के दौरान उसे क्लिनिक में रातभर रुकना भी पड़ा।प्रक्रिया पूरी होने के बाद जट, जिसने पहले ही अबू हुरैरा के साथ संपर्क बना लिया था, यात्री वाहन से जम्मू गया और फिर स्लीपर बस से पंजाब के मालेरकोटला पहुंचा। अधिकारियों के मुताबिक वहां उसने तुर्की के टीवी शो देखे और अंग्रेजी सीखने की कोशिश की। गिरफ्तार आतंकी ने पूछताछ में बताया कि वह असली आधार कार्ड, पैन कार्ड और बाद में पासपोर्ट बनवाना चाहता था ताकि उमर उर्फ ‘खरगोश’ की तरह भारत से भाग सके। अधिकारियों के अनुसार उमर फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से निकलकर इंडोनेशिया पहुंच गया था और वहां से किसी अन्य फर्जी यात्रा दस्तावेज के सहारे खाड़ी देश में जाकर छिपा हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के कराची निवासी उमर ने 2012 के बाद भारत में घुसपैठ की थी और 2024 में राजस्थान के जयपुर से बनवाए गए फर्जी पासपोर्ट के जरिए फरार हो गया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.