दिग्गज कार निर्माता किआ अपने ग्राहकों को बड़ा सरप्राइज देने की तैयारी में है। दरअसल, कंपनी अपनी पॉपुलर MPV कैरेंस और कैरेंस क्लेविस के फैक्ट्री-फिटेड CNG वर्जन लॉन्च करने वाली है।
कुछ ऐसा होगा पावरट्रेन
इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो नए CNG वैरिएंट्स में किआ का 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है। यह इंजन पेट्रोल मोड में 115bhp की पावर और 144Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है। हालांकि, सीएनजी मोड पर चलते वक्त इसके पावर और टॉर्क में थोड़ा अंतर देखने को मिल सकता है। बता दें कि 1.5-लीटर वाला यह इंजन मैकेनिकली काफी सरल है और क्लेविस के बेस वैरिएंट्स में पहले से आता है।
कितनी होगी कार की कीमत?
कीमत के लिहाज से देखें तो फिलहाल किआ कैरेंस क्लेविस की एक्स-शोरूम कीमत 11.27 लाख रुपये से शुरू होकर 21.67 लाख रुपये तक जाती है। सीएनजी वैरिएंट की कीमत इसके बेस पेट्रोल-मैनुअल (HTE) वैरिएंट को आधार बनाकर तय की जा सकती है। भारतीय ऑटो मार्केट के ट्रेंड को देखें तो सामान्य पेट्रोल मॉडल के मुकाबले CNG वर्जन के लिए ग्राहकों को लगभग 1 लाख रुपये तक ज्यादा चुकाने पड़ सकते हैं।
बूट स्पेस की भी दिक्कत नहीं
दूसरी ओर 3-रो MPV गाड़ियों में सबसे बड़ी चुनौती बूट स्पेस यानी डिग्गी में जगह बनाए रखने की होती है। सीएनजी सिलेंडर लगने के बाद सामान रखने की जगह काफी कम हो जाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किआ इस कार में स्पेयर व्हील को हटाकर फ्लोर के नीचे CNG टैंक सेट करने की प्लानिंग कर सकती है। अगर कंपनी बूट फ्लोर के बीच में बड़ा सिलेंडर लगाने से बच जाती है, तो सातों सीटें यूज होने के बाद भी फैमिली को ट्रैवल करते वक्त सामान रखने में कोई परेशानी नहीं होगी।
इन कारों से होगा मुकाबला
भारतीय मार्केट में किआ कैरेंस क्लेविस सीएनजी का सीधा मुकाबला इस सेगमेंट में पहले से मौजूद मारुति सुजुकी अर्टिगा और टोयोटा रुमियन से होगा। हालांकि, अर्टिगा के मुकाबले किआ की यह कार थोड़ी प्रीमियम होगी। इसमें ग्राहकों को लेवल-2 ADAS, बड़ी डुअल डिस्प्ले स्क्रीन, वेंटीलेटेड सीट्स और पैनोरमिक सनरूफ जैसे लग्जरी फीचर्स मिलेंगे।
(प्रतीकात्मक फोटो- किआ कैरेंस क्लेविस सीएनजी)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.