इडुक्की (केरल), एक अगस्त केरल के पहाड़ी जिले इडुक्की में शनिवार को भूस्खलन की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मध्य केरल के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कोट्टायम जिले में मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
इडुक्की जिला प्रशासन ने बताया कि मृतक महिला की पहचान सुमति के रूप में हुई है। वह अडूरमाला क्षेत्र की रहने वाली थीं, जिला प्रशासन ने बताया कि शनिवार तड़के हुए भूस्खलन का मलबा उसके घर पर आ गिरा। पड़ोसियों ने उसके पति रवि और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों घायल थे और उन्हें थोडुपुझा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन में उनका मकान पूरी तरह तबाह हो गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन एवं बचाव सेवा, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के तलाशी अभियान के बाद सुमति का शव बरामद किया गया।
एक अन्य घटना में इडुक्की जिले के वागामोन क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति के घर में फंसे होने की सूचना है। अधिकारियों ने बताया कि उसे बचाने के लिए अभियान जारी है। मलबा सड़क पर आ जाने के कारण क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इसी बीच उप्पुथारा में भूस्खलन के कारण सड़क किनारे खड़ी पुलिस की एक जीप क्षतिग्रस्त हो गई। पुल्लाकयार नदी के उफान पर होने से कोक्कायार का निचला पुल जलमग्न हो गया। आसपास के लगभग छह मकानों में पानी भर गया, जिसके बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न हिस्सों से कई अन्य भूस्खलनों की भी खबरें मिली हैं। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ है। कट्टप्पना-वाझवारा मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गया, जबकि वंदीपेरियार में छोट्टुपारा नाले का जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय राजमार्ग-183 पर जलभराव हो गया।
नेल्लिमाला मार्ग भी बंद होने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले के छोटे बांधों के गेट खोलने की घोषणा की है। पड़ोसी कोट्टायम जिले में भी भारी बारिश के कारण इरट्टुपेट्टा, कंजीरापल्ली, कूट्टिकल और एरुमेली क्षेत्रों में व्यापक बाढ़ आ गई।
कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए, यातायात बाधित हुआ और बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाना पड़ा। पूंजार के पय्यानिथोट्टम क्षेत्र में भूस्खलन के कारण एक घर मलबे में दब गया, जहां दो लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्हें खोजने के लिए तलाशी और बचाव अभियान जारी है।
इरट्टुपेट्टा शहर में रातोंरात जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे प्रशासन को वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। नडक्कल और मुरिक्कोली सहित कई इलाकों में घरों में पानी भर गया। स्थानीय लोगों की मदद से बचावकर्मियों ने घरों की ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पथनमथिट्टा जिले के पहाड़ी क्षेत्रों से भी कई भूस्खलनों की खबरें मिली हैं। रन्नी के विधायक पझाकुलम मधु ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि रन्नी और आसपास के क्षेत्रों में भीषण बाढ़ की स्थिति है।
उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है और बाढ़ का पानी कई घरों और दुकानों में घुस चुका है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने केरल के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
आईएमडी ने पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि एर्नाकुलम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई जिलों के स्कूलों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.