KBC 18: कौन बनेगा करोड़पति में दुनिया के सबसे छोटे डॉक्टर गणेश बरैया पहुंचे। अमिताभ बच्चन के शो में गणेश बरैया ने अपनी इमोशनल कर देने वाली कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि वो कैसे डॉक्टर बन पाए।
कौन बनेगा करोड़पति में पहुंचे दुनिया के सबसे छोटे डॉक्टर
गणेश बरैया गुजरात के गोरखी गांव से आते हैं। उनकी हाइट 3 फीट चार इंच है। द बेटर इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गणेश को बौनेपन की समस्या थी और उन्हें चलने-फिरने से जुड़ी अक्षमता भी है, जिससे उनके शरीर का 72% हिस्सा प्रभावित है। इन सब चुनौतियों के बाद भी डॉक्टर गणेश ने 12वीं क्लास में 87 पर्सेंट प्राप्त किए थे। वहीं, नीट एग्जाम में डॉक्टर गणेश की ऑल इंडिया रैंक 233 थी। हालांकि, शुरुआत में उनकी शारीरिक अक्षमताओं के कारण MBBS कोर्स में दाखिला नहीं दिया गया था।
कोर्ट में मिली जीत के बाद बन पाए डॉक्टर
इसके बाद गणेश ने कोर्ट में उन्हें एडमीशन नहीं मिल पाने के खिलाफ केस लड़ा। इस लड़ाई में गणेश के प्रधानाचार्य उनके साथ खड़े रहे। उन्हें कोर्ट में जीत हासिल हुई। इसके बाद ही गणेश अपना डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर सके। आज गणेश भावनगर में एक अस्पताल के पीडियाट्रिक्स विभाग में काम करते हैं और उन्हें ‘दुनिया के सबसे छोटे डॉक्टर के तौर पर जाना जाता है।
जब गणेश को लेने उनके घर पहुंचे थे सर्कस वाले
केबीसी 18 में गणेश ने अपने जीवन की एक इमोशनल कर देने वाली घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वो प्राइमरी स्कूल में थे, तो सर्कस के कुछ लोग उनके घर में आए थे। उन लोगों ने गणेश के पिता को गणेश को अपने साथ ले जाने के लिए पांच लाख रुपयों का ऑफर दिया था। गणेश ने कहा- उनके पिता ने पैसों के बदले पढ़ाई चुनी।
गणेश ने जीते केवल 25 हजार रुपये
केबीसी 18 के लेटेस्ट एपिसोड में गणेश ने फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट जीता और अमिताभ बच्चन के सामने हॉटसीट पर बैठे। उन्होंने तीन लाख रुपयों तक के सवाल तक गेम खेला। इस प्वाइंट तक गणेश की सारी लाइफलाइन्स भी खत्म हो गई थीं। गणेश केबीसी 18 से केवल 25 हजार रुपये जीते।
केबीसी 18 की बात करें तो शो की शुरुआत 10 अगस्त को हुई। इस शो को पिछले कई सालों से अमिताभ बच्चन ही होस्ट कर रहे हैं। केबीसी को अमिताभ बच्चन के साथ जोड़कर ही लोग देखते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.