इंग्लैंड के क्रिकेटर जॉर्डन कॉक्स ने विराट कोहली से मिली बेशकीमती सलाह का खुलासा किया है। कॉक्स 10 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। उन्होंने एक टेस्ट, तीन वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड1062 का प्रतिनिधित्व किया है।
‘उन्हें कुछ ऐसा दिखाओ कि…’
कॉक्स ने बीबीसी स्पोर्ट से कहा, ”मैं उनकी सारी बातें शेयर नहीं करूंगा। लेकिन मैं उनसे कुछ सवाल पूछना चाहता था। उन्होंने कहा था ‘इस पल का लुत्फ उठाओ क्योंकि सिर्फ एक बार डेब्यू का अवसर मिलता है। बस इसका आनंद लो और मजे करो। आपके परिवार और दोस्तों ने आपके लिए कड़ी मेहनत की है, जब भी वे आपको सपोर्ट करने के लिए मैच में आएं तो उन्हें कुछ ऐसा दिखाओ कि उन्हें लगे कि आपके लिए किया गया त्याग सार्थक था।” कॉक्स ने अब तक महज एक टेस्ट खेला है। उनका डेब्यू टेस्ट कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने न्यूजीलैंड के सामने नंबर-7 पर बैटिंग करते हुए 27 और 25 रन बनाए थे।
‘अरबों लोग ये भी नहीं जानते’
कॉक्स 2024 में जब न्यूजीलैंड में डेब्यू करने से सिर्फ तीन दिन दूर थे तो नेट्स में उनका अंगूठा टूट गया। वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए थे। कॉक्स को दोबारा मौका मिलने को लेकर संशय था। कॉक्स ने उस वक्त को याद करते हुए कहा, ”मैं अपना पहला टेस्ट खेलने से तीन दिन दूर था और फिर चोटिल हो गया। यह बस दुर्भाग्य था। एक अजीब घटना थी। मेरे मन में ख्याल आ रहे थे कि शायद मैं फिर कभी नहीं खेल पाऊंगा। टेस्ट कैप मेरे सामने थी लेकिन मैं उसे ले नहीं पाया। ऐसा लगा कि सब खत्म हो गया। भले ही यह सुनने में कितना भी बुरा लगे लेकिन ऐसा ही महसूस हुआ। मुझे याद है कि मैंने विराट से इस बारे में बात की थी। उन्होंने कहा ‘अरबों लोग हैं जो यह भी नहीं जानते कि मैं कौन हूं। सुबह सूरज फिर निकलेगा – मुझे वाकई इसकी परवाह नहीं’।”
‘कोहली मैदान पर उतरते हैं तो…’
उन्होंने आगे कहा, ”जाहिर है कोहली जब मैदान पर उतरते हैं तो उन्हें परवाह होती है, क्योंकि वह मैदान पर जुनूनी रहते हैं। हालांकि, जब वह मैदान से बाहर आते हैं तो वह सबसे अच्छे लोगों में से एक होते हैं, जिनसे आप मिलेंगे। मैं भी ऐसा कैसे बन सकता हूं। मैं मैदान पर आक्रामक कैसे रह सकता हूं, फिर जब मैं मैदान से बाहर आऊं तो हर कोई कहे ‘वह तो एक शानदार इंसान है’?” कॉक्स इस दृष्टिकोण को बनाए रखना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें पाकिस्तान सीरीज में खेलने का चांस मिलेगा। उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि मैं इसे हमेशा बनाए रखूंगा। वह (कोहली) ऐसे इंसान हैं जिनसे मैं प्रेरणा लेता हूं। मुझे उनके साथ इंडिया में चार महीने बिताने का मौका मिला। अगर मैं कभी उदास होता हूं या मुझे थोड़ी मदद की जरूरत होती है, तो वह ऐसे इंसान हैं, जिन्हें मैं मैसेज कर सकता हूं। वह हमेशा फोन पर मदद के लिए मौजूद रहते हैं।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.