जोधपुर में सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से परेशान होकर महिला इन्फ्लूएंसर ने अपने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत मथुरादास माथुर (MDM) हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी (बालाजी फार्म हाउस) की है। इन्फ्लूएंसर (कंटेंट क्रिएटर) अनीता बिश्नोई ने यह कदम उठाने से करीब 5 घंटे पहले सोशल मीडिया (फेसबुक) पर एक पोस्ट भी किया था। इसमें लिखा था- “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।” अनीता के पति दीनाराम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ इन्फ्लूएंसर लगातार टारगेट करके मेरी पत्नी अनीता को परेशान कर रहे थे। इसके चलते अनीता यह कदम उठाया। दरअसल, अनीता ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में अनीता ने कहा था- कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आएगी। इस लाइन पर ही अनीता को करीब 15 दिन से ट्रोल किया जा रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अब देखिए, जहर खाने से पहले इन्फ्लूएंसर का पोस्ट… पति बोला- कुछ इन्फ्लूएंसर बदनाम करने की धमकी दे रहे थे पति दीनाराम ने बताया- पत्नी अनीता सोशल मीडिया पर अलग-अलग वीडियो बनाती है, जिसमें राजस्थान की संस्कृति से लेकर जागरूकता का संदेश भी शामिल रहता है। बीते कुछ दिनों से उसे सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा था। उसने एक वीडियो बनाया था, जिसमें महिलाओं की वेशभूषा का जिक्र किया था। इसी बात को लेकर उसे लगातार ट्रोल किया जाने लगा। पति ने कुछ इन्फ्लूएंसर पर आरोप लगाया कि वो लोग जानबूझकर मेरी पत्नी को टारगेट करते थे। इससे वह काफी परेशान थी। वॉट्सएप मैसेज के जरिए भी कुछ इन्फ्लूएंसर उसको बदनाम करने की धमकियां दे रहे थे। हालांकि एक बार मैंने इस पूरे प्रकरण को लेकर थाने में रिपोर्ट देने काे कहा भी था, लेकिन अनीता ने मना कर दिया था। कहा था- ‘मैं किसी से डरती नहीं हूं।’ लेकिन आखिरकार अनीता हिम्मत हार गई। घटना के वक्त घर पर नहीं था पति दीनाराम ने बताया- हम बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ रोड की तरफ रहते हैं। घटना के समय मैं अपने भाई के घर गया हुआ था। तभी किसी परिचित ने फोन करके बताया कि अनीता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। इसमें बताया कि आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी। इस पर मैं तुरंत अपने घर पहुंचा। तब तक अनीता ने घर में रखा जहर खा लिया। मैं उसे लेकर तुरंत जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल पहुंचा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.