भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स चोट के कारण एशिया कप और एशियाई खेलों से बाहर हो गई हैं। बोर्ड ने इसकी पुष्टि की है।
प्रतिका रावल को मिला मौका
महिलाओं की चयन समिति ने प्रतिका रावल को जेमिमा के स्थान पर महिला एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है जिसका आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में किया जाएगा। रावल ने अभी तक सिर्फ सफेद गेंद क्रिकेट में केवल वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वह चोट के कारण हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर होने के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी कर रही हैं। ‘इंडिया ए’ के लिए खेलते हुए क्षेत्ररक्षण के दौरान चोट लगने के बाद उनके घुटने पर टांके लगाने पड़े थे।
बीसीसीआई ने की पुष्टि
बीसीसीआई ने कहा, ”जेमिमा रोड्रिग्स को तीन अगस्त को इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड’ खेलते समय दांए पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में मेडिकल टीम द्वारा किए गए परीक्षण में ‘हाई-ग्रेड टियर’ की पुष्टि हुई। ”
बोर्ड ने कहा, ”इसके चलते वह संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले एसीसी महिला एशिया कप और जापान में होने वाले एशियाई खेलों से बाहर हो गई हैं। ” एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जाएंगे।
एशिया कप-एशियन गेम्स से भी बाहर
एशिया कप की शुरुआत 28 अगस्त को यूएई में होगी, जिसमें भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग के साथ रखा गया है। टूर्नामेंट का सबसे अहम मुक़ाबला पांच सितंबर को दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच होगा, और हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफ़ाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल मैच 13 सितंबर को खेला जाएगा।
रोड्रिग्स नागोया में टी-20 प्रारूप में 17 सितंबर से तीन अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगी। महिला प्रतियोगिता में भारत शीर्ष वरीयता प्राप्त टीम है और क्वार्टर-फ़ाइनल में उसका मुकाबला जापान से होगा। सेमीफ़ाइनल में उसका सामना बंगलादेश या हांगकांग, चीन से हो सकता है। पाकिस्तान ड्रॉ के दूसरे हिस्से में है, जिसका मतलब है कि दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें केवल स्वर्ण पदक मैच या कांस्य पदक प्ले-ऑफ में ही आमने-सामने हो सकती हैं, और ये दोनों ही मैच 22 सितंबर को खेले जाएंगे।
एशिया कप के लिए भारत की अपडेट की गई टीम इस प्रकार है- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमालिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, प्रतिका रावल।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.