स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह श्रीलंका में टेस्ट सीरीज नहीं खेलेंगे। वह पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। भारत को श्रीलंका की सरजमीं पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है।
बुमराह शर्त पर हुए थे शामिल
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया, ‘’पहले भी ऐसे मौके आए हैं जब प्लेयर्स को जल्दबाजी में क्रिकेट में वापस लाया गया और नुकसान हुआ। आप दोबारा ऐसा रिस्क नहीं ले सकते। खासकर बुमराह के साथ। इसलिए पूरी तरह ठीक होना ही एकमात्र लक्ष्य है और इस साल बहुत सारा क्रिकेट बाकी है। एशियन गेम्स, न्यूजीलैंड दौरा है। फिर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी है।” बुमराह को उनकी फिटनेस के आधार पर भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। वह पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। चोट के कारण बुमराह को लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से बाहर बैठना पड़ा था।
बुमराह ने लगवाया था इंजेक्शन
बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बुमराह को घुटने की दिक्कत के लिए इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिर में बढ़ गई थी। बुमराह को पिछले महीने तय समय पर इंजेक्शन दिया गया था। हालांकि, बुमराह को पूरी तरह ठीक होने में शुरू में लगाए गए अंदाजे से ज्यादा समय लग सकता है। कोलंबो में दूसरे टेस्ट के लिए उन्हें फिट करने के बारे में चर्चा हुई, लेकिन सीओई की मेडिकल टीम कोई रिस्क नहीं लेना चाहती।
ये भारतीय गेंदबाज भी हैं चोटिल
तेज गेंदबाज हर्षित राणा और ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी चोटिल होने के कारण श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में नहीं खेलेंगे। तेज गेंदबाज आकाशदीप अभी तक पीठ की दर्द से नहीं उबर पाए हैं। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से श्रीलंका में पहले टेस्ट मैच से बाहर हैं। भारत बनाम श्रीलंका सीरीजी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसकी धरती पर होने वाली सीरीज से पहले भारत के लिए श्रीलंका सीरीज को 2-0 के अंतर से जीतना बहुत महत्वपूर्ण है। भारत मौजूदा चक्र की अंक तालिका में अभी पांचवें नंबर पर है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.