- कॉपी लिंक
श्रीलंकाई गेंदबाज असिथा फर्नांडो से मैदान पर हुई भिड़ंत के बाद यशस्वी जायसवाल ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह जाने बिना फैसला नहीं सुनाना चाहिए कि फर्नांडो ने उनसे क्या कहा था। जायसवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, अगर कोई हद पार करेगा तो हमें उसे बताना होगा। यह भारत है, हम लड़ेंगे और जवाब देंगे।
यह पूरा मामला भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन हुआ। फर्नांडो ने जायसवाल को 45 रन पर बोल्ड किया था। इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाज ने उन्हें आक्रामक अंदाज में सेंड-ऑफ दिया। पवेलियन लौट रहे जायसवाल पलटकर फर्नांडो के पास पहुंचे। दोनों के बीच बहस हुई और फिर जायसवाल का हेलमेट फर्नांडो के माथे से टकराया। श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डि सिल्वा और दूसरे खिलाड़ियों ने बीच में आकर दोनों को अलग किया।

क्रिकेटिंग वेबसाइट क्रिकबज के वीडियो में यशस्वी जायसवाल ने असिथा और उनकी बहस पर जवाब दिया।
हर्षा भोगले के वीडियो पर जायसवाल का जवाब
यह मामला सोमवार को उस समय फिर चर्चा में आया, जब जायसवाल ने कमेंटेटर हर्षा भोगले से जुड़े एक वीडियो पर जवाब दिया। क्रिकबज ने इंस्टाग्राम पर भोगले का वीडियो पोस्ट किया था। इसमें सवाल उठाया गया था कि क्या जायसवाल ने फर्नांडो से भिड़कर हद पार कर दी।
जायसवाल ने इसी वीडियो के कमेंट सेक्शन में लिखा, अगर आपको नहीं पता कि उसने क्या कहा था तो कृपया अपना फैसला मत सुनाइए। अगर कोई हद पार करता है तो हमें उसे बताना होगा। यह भारत है, हम लड़ेंगे और जवाब देंगे। उनका यह कमेंट वायरल हो गया।
जायसवाल ने नहीं बताया कि फर्नांडो ने क्या कहा
जायसवाल के बयान से संकेत मिलता है कि विवाद सिर्फ फर्नांडो के सेंड-ऑफ तक सीमित नहीं था। भारतीय बल्लेबाज के मुताबिक, फर्नांडो की तरफ से कुछ ऐसा कहा गया था, जिसके बाद उन्होंने प्रतिक्रिया दी।
हालांकि, जायसवाल ने यह नहीं बताया कि फर्नांडो ने वास्तव में क्या कहा था। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई बातचीत का पूरा विवरण भी सामने नहीं आया है।

यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद असिथा फर्नांडो से उनकी बहस हुई।
फर्नांडो ने तीन चौके खाने के बाद जायसवाल को आउट किया
जायसवाल ने आउट होने से पहले फर्नांडो के एक ओवर में तीन चौके लगाए थे। इसके बाद फर्नांडो की गेंद अंदर की ओर आई और जायसवाल बोल्ड हो गए।
कोटक बोले- जायसवाल को इतना करीब नहीं जाना चाहिए था
भारत के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने भी घटना पर अपना बयान दिया। उन्होंने कहा कि संभव है कि श्रीलंकाई गेंदबाज ने कुछ कहा हो और मामला गर्मागर्मी में बढ़ गया हो। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि जायसवाल को फर्नांडो के इतने करीब नहीं जाना चाहिए था। कोटक ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में ऐसे मामले कई बार भावनाओं के बहाव में हो जाते हैं।
श्रीलंका के बॉलिंग कोच ने मामला मैच रेफरी पर छोड़ा
श्रीलंका के फास्ट बॉलिंग कोच रयान वान निकर्क ने भी घटना पर कोई संभावित सजा बताने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के बीच हुई बहस भावनाओं का नतीजा हो सकती है और इस मामले को मैच रेफरी पर छोड़ना सही होगा।
उन्होंने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ गेंदबाजों को चुनौती पेश करनी होती है। उनके मुताबिक, उन्होंने अपने गेंदबाजों से मैदान पर डटकर चुनौती देने और कुछ बनाने के लिए कहा है।
ICC की कार्रवाई संभव, मैच रेफरी करेंगे फैसला
इस घटना पर मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट की नजर है। ICC के कोड ऑफ कंडक्ट में अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से जुड़ा प्रावधान है।
ICC के आर्टिकल 2.12 के तहत अगर जायसवाल को लेवल-1 के अपराध का दोषी पाया जाता है, तो उन्हें आधिकारिक फटकार मिल सकती है। इसके अलावा मैच फीस का अधिकतम 50% जुर्माना और 1 या 2 डिमेरिट पॉइंट दिए जा सकते हैं।

पहले दिन भारत ने 300/5 रन बनाए
विवाद के बीच भारत ने कोलंबो टेस्ट के पहले दिन 300 रन बनाए। टीम ने दिन का खेल 5 विकेट पर 300 रन के स्कोर के साथ खत्म किया। देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरा शतक लगाया।
—————— कोलंबो टेस्ट से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… पंत-जुरेल की फिफ्टी, दोनों के बीच सेंचुरी पार्टनरशिप

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत ने मजबूत पकड़ बना ली है। मुकाबले के दूसरे दिन के पहले सेशन का खेल जारी है। भारतीय टीम ने पहली पारी में 6 विकेट पर 391 रन बना लिए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
