दीपिका ने शानदार खेल का नमूना पेश करते हुए आठ गोल दागे, जिससे भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को यहां एशियाई खेलों के पूल बी में अपने पहले मैच में कमजोर उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। यह एकतरफा मुकाबला होने की उम्मीद थी और ठीक वैसा ही हुआ क्योंकि उज्बेकिस्तान की रक्षापंक्ति भारत के लगातार हमलों का कोई जवाब नहीं दे पाई। दोनों टीमों के बीच का अंतर मैदान पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था क्योंकि शुरुआत से ही भारत ने गोल वर्षा शुरू कर दी थी।
भारत के लिए दीपिका (8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें, 54वें मिनट) ने गोल की झड़ी लगा दी, जबकि लालरेम्सियामी (7वें), इशिका (11वें, 42वें, 54वें), बलजीत कौर (12वें), नेहा (18वें), नवनीत कौर (23वें, 45वें), लथंतलुआंगी (43वें, 51वें) और साक्षी राणा (43वें) ने भी गोल किए। भारत सोमवार को अपने अगले मैच में इंडोनेशिया से भिड़ेगा। प्रतियोगिता में दूसरी सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाते हुए पहले हाफ में ही आठ गोल दाग दिए।
यह मैच पूरी तरह से एकतरफा मुकाबला था और दोनों टीमों के बीच कौशल का स्तर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। इसकी शुरुआत तब हुई जब लालरेम्सियामी ने करीब से एक फील्ड गोल किया। दीपिका ने इसके एक मिनट बाद ही बढ़त को दोगुना कर दिया।
इसके बाद सुनेलिता टोप्पो के पास पर इशिका ने सर्कल के बाईं ओर से शानदार गोल दाग दिया। एक मिनट बाद बलजीत ने स्कोर 4-0 कर दिया, जिसके बाद नेहा ने एक और फील्ड गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया। इसके बाद दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर से मिले मौके पर जोरदार ड्रैगफ्लिक शॉट लगाकर अपना दूसरा गोल किया और स्कोर 6-0 कर दिया।
नवनीत ने भी फील्ड गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया, जिसके बाद दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को पहले हाफ में 8-0 की बढ़त दिला दी। उज्बेकिस्तान के लिए स्थिति बद से बदतर हो गई क्योंकि भारतीय टीम ने आखिरी दो क्वार्टर में 11 गोल दाग दिए। अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने अपना 320वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और वह वंदना कटारिया के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं।
सविता को हालांकि खेल में दखल देने की खास जरूरत नहीं पड़ी क्योंकि उज़्बेकिस्तान की टीम गेंद पर कब्जा रखने के लिए संघर्ष कर रही थी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.