भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने मंगलवार को कहा कि उनकी टीम अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के लिए अच्छी स्थिति में है।
महिला टी20 विश्व कप 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा। वनडे विश्व कप विजेता भारत 14 जून को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा।
मंधाना ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारा अभ्यास शिविर बहुत अच्छा रहा। मैं अभी इस बारे में इतना ही बताना चाहती हूं। मैं इस बारे में कोई विशिष्ट जानकारी नहीं देना चाहती हूं कि हमने किन चीजों पर काम किया है क्योंकि विश्व कप अब काफी करीब है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं यह कहना चाहूंगी कि सभी खिलाड़ी अच्छी स्थिति में दिख रही हैं। उन्होंने बहुत अच्छी तरह से अभ्यास किया है और सभी कड़ी मेहनत कर रहे हैं।’’
भारत की 15 सदस्यीय टीम ने बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में अभ्यास शिविर में हिस्सा लिया। वह विश्व कप से पहले मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए 22 मई को रवाना होगी।
मंधाना ने कहा, ‘‘हम विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं और उससे पहले हमें एक श्रृंखला में खेलना है। हमारी तैयारी अच्छी चल रही है और हम आगे भी कड़ी मेहनत करते रहेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि हम विश्व कप जीतकर भारत को गौरवान्वित करेंगे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.