… कुशान सरकार…
नयी दिल्ली, 16 सितंबर पंजाब के युवा हरफनमौला नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी एकदिवसीय शृंखला के लिए भारतीय टीम में पहली बार शामिल किया गया है जबकि अनुभवी हार्दिक पंड्या और ऋषभ पंत अलग-अलग कारणों से टीम में जगह नहीं बना सके। पीटीआई ने पहले ही खबर दी थी कि श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल वनडे टीम के उपकप्तान होंगे। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे।
वेस्टइंडीज के इस दौरे का पहला वनडे तिरुवनंतपुरम में खेला जायेगा। टी20 टीम में मुख्य रूप से एशियाई खेलों के लिए चुने गए खिलाड़ी शामिल होंगे। यश ठाकुर और विपराज निगम की जगह मयंक यादव और प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है।
हार्दिक के 20 सितंबर को फिट घोषित किए जाने की संभावना है लेकिन राष्ट्रीय चयन समिति उन्हें तभी टीम में चुनेगी जब वह भारत ‘ए’ के लिए 10 ओवर गेंदबाजी करके अपनी फिटनेस साबित कर देंगे। बीसीसीआई का एक धड़ा चाहता था कि हार्दिक पंड्या को 20 सितंबर तक सेंटर ऑफ एक्सिलेंस से ‘रिटर्न टू प्ले’ (खेल में वापसी के लिए जरूरी फिटनेस मंजूरी) मिलने के बाद सीधे वेस्टइंडीज के खिलाफ उतारा जाए। चयन समिति का रुख हालांकि स्पष्ट है कि उन्हें टीम में शामिल करने से पहले छह ओवर नहीं, बल्कि पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने की अपनी क्षमता साबित करनी होगी।
चयन समिति ने एक अहम फैसले के तहत नितीश कुमार रेड्डी को एशियाई खेलों के लिए चुनी गई टीम से हटाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया है। इसके पीछे प्रमुख वजह हार्दिक की अनुपस्थिति और तेज गेंदबाजी करने वाले हरफनमौला खिलाड़ियों के विकल्पों की कमी बताई जा रही है। हार्दिक की फिटनेस को लेकर लगातार बनी अनिश्चितता के बीच रेड्डी को उनके संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है।
माना जा रहा है कि एशियाई खेलों की टी20 अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा की तुलना में वनडे टीम में रेड्डी की सेवाएं अधिक महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि एशियाई खेलों में अधिकांश टीमें भारत की गुणवत्ता और गहराई के मुकाबले कमजोर मानी जा रही हैं। ऋषभ पंत के मामले में माना जा रहा है कि चयनकर्ताओं ने टीम प्रबंधन के अहम सदस्यों से मिली प्रतिक्रिया को ध्यान में रखा। टीम प्रबंधन के कुछ प्रमुख सदस्यों का मानना है कि अपनी असाधारण प्रतिभा के बावजूद पंत सफेद गेंद के क्रिकेट में अब तक अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
पीटीआई ने पहले ही खबर दी थी कि पंत को ईरानी कप के लिए शेष भारत टीम का कप्तान बनाया जायेगा, जबकि मुंबई के दमदार बल्लेबाज सरफराज खान को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। जडेजा की सफेद गेंद के क्रिकेट में दावेदारी धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है, वहीं एशियाई खेलों की टीम में अक्षर पटेल की मौजूदगी और हर्ष दुबे के चोटिल होने के कारण 37 वर्षीय ऑलराउंडर जडेजा को वनडे टीम में एक और मौका दिला दिया है।
जडेजा को तीनों मैच खेलने का अवसर मिलेगा और वह एक बार फिर अक्षर पटेल पर अपनी दावेदारी का दबाव बना सकते हैं। चयनकर्ता जब टीम के लिए 20 प्रमुख खिलाड़ियों के कोर ग्रुप को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, ऐसे में जडेजा के पास खुद को साबित करने का अहम मौका होगा। धीर को घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए किए गए प्रभावी प्रदर्शन का इनाम मिला है।
दूसरी ओर नबी ने इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में सरे के लिए दमदार प्रदर्शन कर पहली बार राष्ट्रीय एकदिवसीय टीम में जगह बनाई है। दिलचस्प बात यह है कि धीर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मुंबई इंडियंस के लिए टी20 क्रिकेट में आए हैं, जबकि नबी ने रणजी ट्रॉफी में लाल गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है। धीर ने विजय हजारे ट्रॉफी में पंजाब के लिए अब तक सिर्फ 14 लिस्ट-ए मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 39 के औसत और 106 के स्ट्राइक रेट से 357 रन बनाए हैं।
उनके नाम चार अर्धशतक हैं और सर्वोच्च स्कोर 97 रन है। इसके अलावा, अपनी कामचलाऊ ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से उन्होंने सात विकेट भी लिए हैं। नबी ने जम्मू-कश्मीर के लिए 36 लिस्ट-ए मैचों में 56 विकेट चटकाए हैं और उनकी इकॉनमी रेट भी 5.20 रहा है जिसे मौजूदा दौर में प्रभावी मना जायेगा।
इस बात की संभावना बेहद कम है कि धीर या नबी में से किसी को भी पहली एकादश में जगह मिले। तेज गेंदबाज आकाश दीप पिछले सात महीनों से पीठ में ‘स्ट्रेस फ्रैक्चर (हड्डियों में पड़ने वाली एक छोटी सी दरार)’ के कारण क्रिकेट से दूर हैं। उन्हें फिटनेस के आधार पर शेष भारत की टीम में चुना गया है।
वह फिलहाल चोट से उबर रहे हैं और अपने ‘रिटर्न टू प्ले प्रोटोकॉल’ को पूरा करने के अंतिम चरण में हैं। वह अगर फिटनेस टेस्ट में सफल रहते हैं, तो एक से पांच अक्टूबर तक श्रीनगर में होने वाले मुकाबले में खेल सकते हैं। पंत की अगुवाई वाली शेष भारत टीम में रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले लगभग सभी प्रमुख खिलाड़ियों को जगह मिली है।
इनमें देश के शीर्ष चार रन बनाने वाले बल्लेबाज आर. स्मरण, आयुष दोसेजा, सनत सांगवान और सुदीप कुमार घरामी भी शामिल हैं। उभरते हुए बल्लेबाज शिखर मोहन को भी टीम में चुना गया है, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को भी जगह मिली है। स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी मानव सुथार और सारांश जैन संभालेंगे।
दोनों ने हाल ही में श्रीलंका में एक साथ गेंदबाजी की थी। भारत की एकदिवसीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर। भारत की टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।
शेष भारत टीम: ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, सरफराज खान(उपकप्तान), स्मरण रविचंद्रन, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप (फिटनेस के अधीन), मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय, आयुष दोसेजा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.