आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदों को वापस जिंदा कर दिया है. हालांकि इस जीत के बाद भी टीम इंडिया के ऑलराउंडर शिवम दुबे चर्चा के केंद्र में आ गए हैं. वजह बना उनका गेंदबाजी प्रदर्शन, जिसे लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 256 रन का विशाल स्कोर बोर्ड पर लगा दिया था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 184 रन ही बना सकी. भारत की इस बड़ी जीत के बावजूद दुबे की गेंदबाजी ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है.
जीत के बाद भी उठे सवाल
मैच के दौरान शिवम दुबे ने अपने 2 ओवर के स्पेल में 46 रन खर्च कर दिए. इस दौरान उन्होंने चार वाइड और एक नो-बॉल भी डाली, जिससे विपक्षी बल्लेबाजों को अतिरिक्त मौके मिले. उनकी एक गेंद तो पिच के बाहर जाकर गिरी, जिसे अंपायर ने तुरंत नो-बॉल करार दिया.
इस प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए माइकल वॉन ने कहा कि अगर मैच पहले से भारत के पक्ष में नहीं होता, तो कप्तान सूर्यकुमार यादव शायद दुबे को गेंदबाजी के लिए नहीं बुलाते. अगर भविष्य में दुबे को फिर गेंदबाजी करनी पड़ती है, तो इसका मतलब होगा कि टीम इंडिया दबाव में है. उन्होंने आगे कहा की भारतीय टीम इस सोच के साथ मैदान में उतरी थी कि जिम्बाब्वे को 108 रन से कम पर आउट कर देंगे. हालांकि जब ऐसा नहीं हुआ तो टीम सुस्त हो गई, लेकिन मुझे अभी भी लगता है कि भारत दुनिया की सबसे बेहतरीन टी20 टीम है.
अभिषेक और हार्दिक की शानदार पारियां
भारतीय बल्लेबाजी की बात करें तो अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. वहीं, हार्दिक पांड्या ने अंत में सिर्फ 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाकर स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया. इसके अलावा ईशान किशन (38 रन) और तिलक वर्मा (नाबाद 44) ने भी अहम योगदान दिया. जवाब में जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बैनेट ने नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.
सेमीफाइनल की रेस में बरकरार भारत
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में वापसी कर ली है और अब सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम हैं. हालांकि, टीम मैनेजमेंट के लिए गेंदबाजी संयोजन अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है, खासकर छठे गेंदबाज की भूमिका को लेकर. आने वाले मुकाबलों में भारत को अपने हर खिलाड़ी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.