भारतीय प्लेइंग XI में ध्रुव जुरेल की जगह को सरफराज खान से खतरा है। सरफराज को साई सुदर्शन की जगह भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया। सुदर्शन को चोटिल होने के कारण श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा।
जुरेल के साथ पांच मैचों में ऐसा हुआ
पिछले साल अक्टूबर में अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ आत्मविश्वास से भरी शतकीय पारी खेलने के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज जुरेल टेस्ट मैचों में 44, 6, 14, 13, 0, 2 और 19 रन ही बना पाए हैं। इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि उन सात मैचों में से पांच में उन्हें स्पिनरों ने आउट किया है। यहां पहले टेस्ट में उन्हें श्रीलंकाई स्पिनरों के खिलाफ और भी कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा जिनकी अगुवाई प्रभात जयसूर्या कर रहे हैं।
सरफराज खान की एंट्री एक चेतावनी
सरफराज खान को टीम में शामिल करना इस विकेटकीपर-बल्लेबाज के लिए एक चेतावनी है कि वह अपने प्रदर्शन में सुधार करें या उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाएगा। सरफराज स्पिनरों के खिलाफ अपने शॉट जैसे स्वीप, रिवर्स स्वीप, आगे बढ़कर शॉट लगाना और कट का बखूबी उपयोग करते हैं। इसके विपरीत जुरेल स्पिनरों की गलती का इंतजार करते हैं। इसलिए यह देखकर हैरानी नहीं हुई कि जुरेल ने की अभ्यास के दौरान राहुल के साथ कुछ समय बिताया, जिन्हें यहां की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव है। राहुल ने मुंबई में विशेष रूप से तैयार की गई पिचों पर इस दौरे के लिए तैयारी की थी और जुरेल निश्चित रूप से उनसे कुछ ‘टिप्स’ ले रहे होंगे।
गॉल टेस्ट में ऐसा कर सकता है भारत
वहीं, गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बृहस्पतिवार को संकेत दिया कि गॉल टेस्ट में भारत बाएं हाथ के तीन स्पिनरों को उतार सकता है क्योंकि कुलदीप यादव, मानव सुथार और रविंद्र जडेजा की गेंदबाजी में अलग-अलग तरह की विविधता और विकेट लेने की क्षमता है। कुलदीप अपनी बाएं हाथ की कलाई की स्पिन से बल्लेबाजों को चकमा देने की क्षमता रखते हैं, जडेजा की सटीक गेंदबाजी बड़े से बड़े बल्लेबाज को परेशान कर सकती है जबकि सुथार पारंपरिक शैली की बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी की याद दिलाते हैं। मोर्कल ने मीडिया से कहा, ”कुलदीप हमारे साथ हैं और वह आक्रामक गेंदबाज हैं। उनका अनुभव और स्तर हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मेरे ख्याल से ये सभी अपनी-अपनी तरह से अलग हैं।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.