भारतीय टीम के उपकप्तान केएल राहुल और स्पिनर कुलदीप यादव नेट प्रैक्टिस से अनुपस्थित थे, जबकि शुभमन गिल ने बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ अभ्यास किया।
बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ गिल का फोकस
टेस्ट क्रिकेट में 42 मैचों में गिल को बाएं हाथ के स्पिनरों ने 11 बार आउट किया है। गिल ने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब की नेट पर बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ जमकर अभ्यास किया। उन्होंने काफी समय तक मानव सुथार, रविंद्र जडेजा और कुछ स्थानीय गेंदबाजों का सामना किया। भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने गिल के नेट सत्र के बारे में जानकारी दी और कहा कि वह कोलंबो की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने की कोशिश कर रहे थे।
बहुतुले ने कहा, ”जिस तरह से वह खेलते हैं, रन प्रवाह हमेशा बना रहता है। इसलिए वह पिच की स्थिति, पिच की गति का आकलन कर रहे हैं और यह अनुमान लगा रहे हैं कि वह किस तरह के शॉट लगा सकते हैं। वह खुद को परिस्थितियों के अनुसार ढाल रहे हैं।” उन्होंने कहा, ”वह किस तरह से खेलेंगे इसकी रणनीति बनाने में उन्हें ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती। वह हर पारी में अपने स्वाभाविक तरीके से खेलते हैं।”
राहुल-कुलदीप ने नहीं किया अभ्यास
गिल का ऑफ-स्पिनरों और लेग-स्पिनरों के खिलाफ बेहतर रिकॉर्ड है। इस तरह के गेंदबाजों के खिलाफ उनका संयुक्त औसत 61 है, जबकि सभी प्रकार के स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उनका करियर औसत 48 है। पहले टेस्ट मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव टीम के साथ अभ्यास के लिए पहुंचे थे लेकिन उन्होंने न तो गेंदबाजी की और न ही बल्लेबाजी। दूसरी तरफ ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने ऋषभ पंत और शुभमन गिल को कुछ ओवर फेंके। उन्होंने पंत को दो मौकों पर मुश्किल में भी डाला।
सलामी बल्लेबाज और उप-कप्तान केएल राहुल नेट प्रैक्टिस से अनुपस्थित थे, जबकि मध्य क्रम के बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने थोड़ी देर के लिए बल्लेबाजी की। पहले टेस्ट में राहुल और जुरेल दोनों ने ही अर्धशतक बनाकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.