भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कोलंबो टेस्ट के ड्रॉ पर छूटने के बाद बताया है कि मोहम्मद सिराज चोटिल नहीं हैं। हालांकि उनका मानना है कि सिराज को अपनी लय हासिल करने में समय लगा।
लय में लौटने में समय लगता है
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ”सबसे पहले, सिराज चोटिल नहीं हैं। गॉल में पहले मैच में भी उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। वह आखिरी बार जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले थे इसलिए वह लगभग दो महीने बाद खेल रहे थे। किसी खिलाड़ी को अपनी लय में लौटने में समय लगता है। ”
गिल ने कहा, ” पहले टेस्ट में भी हमें लगा था कि उनकी गति कम थी, लेकिन कभी कभार जब आप ज्यादा खेलते हो तो अपनी लय वापस हासिल कर सकते हैं। लेकिन जहां तक चोट का सवाल है तो कोई चिंता की बात नहीं है। ” जब सिराज अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे, तब साथी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी बखूबी संभाली। गिल ने उनके प्रदर्शन और प्रगति की जमकर तारीफ की।
हमारे भरोसेमंद गेंदबाज रहे हैं
उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि वह हमारे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में रहे हैं। जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं हो रही होतीं, तो खासकर इस सत्र में वह हमारे भरोसेमंद गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने मौके बनाए हैं और कप्तान के तौर पर मैं यही चाहता हूं। जब विकेट की गारंटी नहीं हो, तब हमें ऐसे गेंदबाज की जरूरत होती है जिस पर भरोसा किया जा सके। उन्होंने यह काम शानदार तरीके से किया। ”
भारत ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 229 रन कर दिया था। लेकिन मेजबान टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पूरा पांचवां दिन निकाल दिया और सोनल दिनुषा की नाबाद 133 रन की शानदार पारी की बदौलत मैच ड्रॉ करा लिया।
मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में गिल ने कहा, ”यह काफी निराशाजनक होता है। शुरुआत में हमने काफी आक्रमण किया। लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, पिच धीमी होती गई। ऐसा नहीं था कि गेंद बिल्कुल भी मूव नहीं कर रही थी, लेकिन जब गेंद घूम रही थी, तब विकेट लेने के मौके नहीं थे। पिच पूरी तरह सपाट भी नहीं थी। ”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.