ध्रुव जुरेल ने कहा है कि गॉल की पिच तीसरे दिन भी बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी रहेगी, ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को भी लंबे स्पेल डालने पड़ सकते हैं।
गेंदबाजों को करने पड़ सकते हैं लंबे स्पेल
उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि हमें भी श्रीलंका के गेंदबाजों की तरह लंबे स्पेल डालने होंगे और लगातार सही लाइन-लेंथ बनाए रखनी होगी। इसमें कोई बड़ी रणनीति नहीं है। हमें सिर्फ अच्छी जगह गेंद डालनी है और चीजों को सरल रखना है। ‘’
जुरेल ने कहा, ”अगर हमें मैच जीतना है तो पूरे जज्बे के साथ खेलना होगा और विपक्षी टीम के सभी 20 विकेट लेने होंगे। ” जुरेल ने अपने साथी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल की 167 रन की शानदार पारी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ”उन्होंने पहले भारत ए के लिए रन बनाए और अब यहां भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्हें जब भी मौका मिलता है, वे रन बनाते हैं। एक साथी क्रिकेटर के तौर पर यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि वह भारत के लिए इतना अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”
मैं देश के लिए खेल रहा हूं
जुरेल ने पहले टेस्ट के दूसरे दिन 68 गेंद में 51 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली जिसकी बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में स्टंप तक नौ विकेट पर 460 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में जुरेल ने कहा, ”सच कहूं तो मुझ पर कोई दबाव नहीं था। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान यही है कि मैं देश के लिए खेल रहा हूं। ”
उन्होंने कहा, ”जब भी मैं कप्तान या मुख्य कोच से बात करता हूं, वे हमेशा बताते हैं कि मुझे क्या करना है और मैच की स्थिति क्या है। उसी हिसाब से खेलने के लिए कहते हैं। बल्लेबाजी करने से पहले मैं किसी व्यक्तिगत उपलब्धि के बारे में नहीं सोचता। मैं सिर्फ मैदान पर जाकर वही करने की कोशिश करता हूं, जिसकी टीम को जरूरत होती है। ‘’
रविवार को सिर्फ 43 ओवर का खेल संभव हुआ और इस दौरान श्रीलंका के स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। स्टंप्स के समय कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा एक रन बनाकर क्रीज पर थे। लगातार बारिश और मैदान गीला होने के कारण दिन का खेल दोपहर 2:35 बजे शुरू हो सका। लंबे अंतराल के बाद उतरे श्रीलंकाई गेंदबाजों ने पहले दिन की तुलना में बेहतर लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी की तथा भारतीय बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल कर दिया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.