ध्रुव जुरेल ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में अर्धशतक लगाया। हालांकि वह पिछली कुछ पारियों से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। हालांकि उन्होंने कहा है कि उनपर कोई दबाव नहीं था।
कप्तान या मुख्य कोच से बात करता हूं
दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में जुरेल ने कहा, ”सच कहूं तो मुझ पर कोई दबाव नहीं था। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान यही है कि मैं देश के लिए खेल रहा हूं। ‘’
उन्होंने कहा, ”जब भी मैं कप्तान या मुख्य कोच से बात करता हूं, वे हमेशा बताते हैं कि मुझे क्या करना है और मैच की स्थिति क्या है। उसी हिसाब से खेलने के लिए कहते हैं। बल्लेबाजी करने से पहले मैं किसी व्यक्तिगत उपलब्धि के बारे में नहीं सोचता। मैं सिर्फ मैदान पर जाकर वही करने की कोशिश करता हूं, जिसकी टीम को जरूरत होती है। ”
जुरेल ने बताया कि टेस्ट सीरीज से पहले वह इसी मैदान पर भारत ए के लिए खेल चुके थे और उस अनुभव का उन्हें काफी फायदा मिला। उन्होंने कहा, ”हम यहां 10 दिन पहले आ गए थे। हमने कोलंबो में अभ्यास किया और उससे पहले भारत ए के लिए खेले। यहां हमने चार-पांच अभ्यास सत्र भी किए। ऐसी पिचों पर जितना ज्यादा बल्लेबाजी करें, उतने ही बेहतर होते हैं। ”
ज्यादा से ज्यादा रन बनाने का था प्लान
उन्होंने कहा, ”इससे मेरी बल्लेबाजी में सुधार हुआ, यहां के माहौल और परिस्थितियों को समझने में मदद मिली। यह अनुभव वास्तव में काफी उपयोगी रहा। ” इस 25 साल के बल्लेबाज ने कहा कि बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण दो सत्र गंवाने के बाद टीम की योजना ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की थी, लेकिन लापरवाही से नहीं।
उन्होंने कहा, ”हमारी योजना ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की थी। ऐसा नहीं था कि पहली ही गेंद से बेखौफ होकर बड़े शॉट खेलने लगें। ” जुरेल ने कहा, ”हम समझदारी से क्रिकेट खेलना चाहते थे, निचले क्रम में अच्छी साझेदारियां बनाना चाहते थे और जितने अधिक रन हो सकें, उतने बनाने की कोशिश कर रहे थे। ‘’
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.