भारतीय क्रिकेट टीम करीब 8 महीने बाद कोई टेस्ट मैच खेलेगी। टीम का मुकाबला शनिवार को अफगानिस्तान से होगा। यह मैच सुबह 9:30 बजे से मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में अफगानी स्पिनर्स भारतीय बैटर्स का स्किल टेस्ट भी लेंगे। विराट कोहली, रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा के रिटायरमेंट के बाद से भारत का बैटिंग ऑर्डर नया है। इसमें केएल राहुल के अलावा, किसी ने भी 50 मैच नहीं खेले हैं। पिछली सीरीज में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। कोलकाता और गुवाहाटी की पिचों पर भारतीय बैटर्स स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते दिखे थे। गिल के सामने 2 सवाल? 1. नंबर-3 पर कौन उतरेगा? कप्तान शुभमन गिल को नंबर-3 के लिए बैटर तय करना होगा। क्योंकि, पुजारा के बाद टीम में इस पोजिशन के लिए कोई स्थायी बल्लेबाज नहीं है। टीम ने इस पोजिशन पर साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल जैसे बैटर्स को आजमाया है, लेकिन अब तक नंबर-3 पर कोई स्थायी बैटर नहीं मिला है। 2. जडेजा की जिम्मेदारी कौन संभालेगा? रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है। ऐसे में सवाल यह है कि उनकी जिम्मेदारी कौन संभालेगा। कप्तान के पास राजस्थान के मानव सुथार और विदर्भ के हर्ष दुबे जैसे ऑप्शंस हैं। सुथार अपनी ट्रेडिशनल लेफ्ट आर्म स्पिन से प्रभावित कर रहे हैं, जबकि दुबे गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं। भारत के पास 100% जीत का रिकॉर्ड भारत के नाम अफगानिस्तान के खिलाफ 100% जीत का रिकॉर्ड है। हालांकि, दोनों के बीच एक मैच ही खेला गया है। जोकि 2018 में बेंगलुरु के मैदान पर खेला गया था। यह अफगानिस्तान के करियर का पहला टेस्ट भी था। ओवरऑल टेस्ट रिकॉर्ड की बात करें तो… गिल और राहुल फॉर्म में, सिराज टॉप विकेट टेकर भारतीय कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल अच्छे फॉर्म में हैं। गिल ने 1 जनवरी 2025 के बाद से अब तक 9 मैचों में 983 रन बनाए हैं। वहीं, राहुल के नाम 10 मैचों में 813 और यशस्वी जायसवाल के नाम 10 मैच में 745 रन हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा विकेट मोहम्मद सिराज ने झटके हैं। स्क्वॉड में शामिल कुलदीप यादव भी 20 विकेट ले चुके हैं। रहमत टॉप स्कोरर, राशिद को सबसे ज्यादा विकेट अफगानिस्तान ने एक जनवरी 2025 के बाद 2 मैच ही खेले हैं। इनमें सबसे ज्यादा रन रहमत शाह ने बनाए हैं। उन्होंने एक मैच की दो पारियों में 158 रन स्कोर किए हैं। जबकि राशिद खान 11 विकेट के साथ टॉप विकेट टेकर हैं। पहली बार टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा मुल्लांपुर स्टेडियम न्यू चंडीगढ़ स्थित मुल्लांपुर का महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम पहली बार टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। यहां अब तक 2 वनडे और एक टी-20 मैच खेले गए हैं। मौसम भी मैच का अहम फैक्टर बन सकता है। यहां गर्मी प्लेयर्स की परीक्षा लेगी। ट्रेनिंग में कई प्लेयर्स को मेन ग्राउंड से नेट्स तक पहुंचने के लिए भी वाहनों का इस्तेमाल करना पड़ा। यहां अगले 5 दिन तक बारिश के आसार नहीं हैं। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-XI भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल/साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे/मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। अफगानिस्तान- हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, अफसर जजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, कायस अहमद और बिलाल सामी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.