सज्जाद हुसैन इस्लामाबाद, 21 अगस्त पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद शुक्रवार सुबह इलाज के लिए अदियाला जेल से यहां के एक निजी अस्पताल में भेजा गया। खान के मीडिया प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। खान को इस्लामाबाद के ‘शिफा इंटरनेशनल अस्पताल’ में स्थानांतरित कर दिया गया।
यह कार्रवाई अदालत के 18 अगस्त के आदेश के अनुपालन में की गई जिसमें उन्हें दो दिन के भीतर अस्पताल पहुंचाने का निर्देश दिया गया था। अदालत के समक्ष पेश की गई एक चिकित्सीय रिपोर्ट में कहा गया था कि वह ‘‘लेवल थ्री प्लस एंग्जायटी’’ (बेचैनी, घबराहट और चिंता) की समस्या से जूझ रहे हैं। खान के अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रवक्ता ज़ुल्फी बुखारी ने एक व्हाट्सऐप संदेश में इस बात की पुष्टि की।
‘‘लेवल थ्री प्लस एंग्जायटी’’ का मतलब है बहुत अधिक या गंभीर चिंता, बेचैनी और घबराहट होना जिसकी वजह से रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं, शरीर पर बहुत अधिक तनाव पड़ता है और स्पष्ट रूप से सोचने की क्षमता पर असर पड़ता है। बुखारी ने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अदियाला जेल से इस्लामाबाद के ‘शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल’ में शिफ्ट किया गया है।’’ खान रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद थे। यह जेल शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक हिरासत केंद्र है।
उन्हें पांच अगस्त, 2023 को भ्रष्टाचार समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया गया था और तब से वह हिरासत में थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.