IIM Ahmedabad Campus Placement: आईआईएम अहमदाबाद (IIM-A) के प्लेसमेंट 2026 में इतिहास रचते हुए PGP कोर्स के छात्र को दुबई की आईटी कंपनी में 2.31 करोड़ रुपये का हाईएस्ट इंटरनेशनल पैकेज मिला है।
टूटा 12 साल पुराना बड़ा रिकॉर्ड
इंडियन प्लेसमेंट रिपोर्टिंग स्टैंडर्ड्स (IPRS) द्वारा जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, 2.31 करोड़ रुपये का यह इंटरनेशनल ऑफर आईआईएम अहमदाबाद में 2011 में आईपीआरएस मानकों की शुरुआत के बाद से अब तक का सबसे बड़ा पैकेज बन गया है। इससे पहले संस्थान में सबसे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय सैलरी ऑफर साल 2014 में दर्ज किया गया था, जो 192,581 डॉलर, उस समय लगभग 1.17 करोड़ रुपये था। 2026 के इस पैकेज ने 12 साल पुराने उस बड़े रिकॉर्ड को पूरी तरह से तोड़ दिया है।
घरेलू प्लेसमेंट में भी शानदार प्रदर्शन
इंटरनेशनल पैकेज के साथ-साथ देश के अंदर भी आईआईएम अहमदाबाद के छात्रों का दबदबा कायम रहा। देश के भीतर सबसे ज्यादा सैलरी पैकेज 81.6 लाख रुपये सालाना रहा, जो पिछले 5 वर्षों में तीसरा सबसे बड़ा घरेलू पैकेज है। आईआईएम अहमदाबाद का औसत मैक्सिमम अर्निंग पोटेंशियल बढ़कर 36.98 लाख रुपये प्रति वर्ष हो गया है। बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI) लगातार दूसरे साल भारत में सबसे ज्यादा सैलरी ऑफर करने वाला मुख्य सेक्टर रहा।
छात्रों ने चुने इंटरनेशनल करियर
प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल कुल 392 अभ्यर्थियों में से 6 छात्रों ने इंटरनेशनल रोल का चयन किया है। इनमें से 4 छात्रों को दुबई, 1 को हांगकांग और 1 छात्र को जापान में काम करने का अवसर मिला है। इंटरनेशनल ऑफर्स देने में बिजनेस ग्रुप्स, बीएफएसआई (BFSI), आईटी और रिटेल सेक्टर की कंपनियां प्रमुख रहीं।
प्रमुख रिक्रूटर्स और सेक्टर
इस साल प्लेसमेंट प्रक्रिया में 182 प्रमुख कंपनियों ने हिस्सा लिया और 267 विभिन्न रोल्स के लिए ऑफर्स दिए। एक्सेंचर स्ट्रैटेजी ने सबसे ज्यादा 36 ऑफर दिए। इसके बाद बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) ने 33, फिनआईक्यू कंसल्टिंग ने 24 और मैकिन्से एंड कंपनी ने 21 ऑफर दिए। इसके अलावा 50 से अधिक नई कंपनियां भी इस प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल हुईं। मैनेजमेंट और कॉर्पोरेट सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे छात्रों के लिए यह अच्छी खबर है। जो साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और क्वालिटी एजुकेशन से सफलता हासिल की जा सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.