वसीम जाफर ने ऋषभ पंत को आईपीएल में कप्तानी से दूर रहने की सलाह दी है। विकेटकीपर-बल्लेबाज पंत आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलेंगे। वह दो सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स में रहे।
‘ऋषभ की ये प्राथमिकता होगी’
जाफर ने 28 वर्षीय पंत को सिर्फ अपनी परफॉर्मेंस पर फोकस रखने की सलाह दी है ताकि भारत की वनडे और टी20 इंटरनेशनल टीम में वापसी हो सके। पंत ने अगस्त 2024 के बाद से भारत के लिए कोई वनडे या टी20 मैच नहीं खेला है। वह सिर्फ टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”ऋषभ के लिए बेहतर है कि वह बतौर प्लेयर खेले क्योंकि उनका परफॉर्मेंस नीचे आया है। ऋषभ की प्राथमिकता होगी कि आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके T20I और वनडे टीम में वापसी करे। ऋषभ फिलहाल भारत के लीडरशिप ग्रुप में नहीं हैं, जहां वह कप्तान बन सकते हैं। कप्तानी उनकी प्राथमिकता नहीं होगी।”
इन झंझटों में को लेकर चेताया
पूर्व बल्लेबाज ने आगे कहा, ”मुझे लगता है कि उन्हें अभी कप्तानी को साइड में रखकर एक बल्लेबाज के तौर पर परफॉर्म करने और अपनी फ्रेंचाइजी के लिए मैच जीतने पर फोकस करना चाहिए। यही ऋषभ पंत के लिए सबसे अच्छा होगा।अगर ऋषभ को दिल्ली कैपिटल्स कप्तानी ऑफर भी करे तो बेहतर यही होगा कि वह मना कर दें। किसी फ्रेंचाइजी को लीड करने में बहुत प्रेशर होता है, मालिकों का प्रेशर, उम्मीदों, फैंस का प्रेशर, साथ ही आपको अपनी परफॉर्मेंस पर भी फोकस करना होता है। इसके अलावा, पंत विकेटकीपर भी हैं और उन्हें बैटिंग भी करनी होती है। इन सब झंझटों में क्यों पड़ना। बतौर प्लेयर खेलें और मैच जिताएं। उनके पास काबिलियत है। वह चार-पांच मैच अपने दम पर जिता सकते हैं।”
पंत की इतने करोड़ में वापसी
गौरतलब है कि पंत की लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान के तौर पर दो खराब सीजन के बाद वेतन में 12 करोड़ रुपये की भारी कटौती के साथ दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई। पंत 15 करोड़ रुपये में अपनी पुरानी फ्रेंजाइजी में वापस आए। दिल्ली के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव एलएसजी का हिस्सा बन गए। एलएसजी ने आईपीएल 2025 से पहले हुई नीलामी में पंत को 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में खरीदा था। यह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी रकम थी। कुलदीप 13.50 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर दिल्ली से लखनऊ में गए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.