राजपाल यादव ने अपने तमाम कॉमिक किरदारों से दर्शको का खूब एंटरटेनमेंट किया है. फिलहाल एक्टर चेक बाउंस केस के चलते दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं. इस बीच उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वे इस पूरे मामले पर बात करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में उन्होंने फिल्म बनाने के लिए पैसे लेने से साफ इंकार किया है. साथ ही सभी आरोपों को भी निराधार बताया है.
‘मैंने पैसे नहीं लिए’
दरअसल लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू के दौरान राजपाल यादव से पूछा गया था कि क्या आपने फिल्म बनाने के लिए बिजनेसमैन माधव गोपाल अग्रवार से पांच करोड़ रुपये लिए थे? इस पर राजपाल यादव ने कहा, “ मैंने पैसे लिए नहीं थे बल्कि उन्होंने फाइनेंसर के तौर पर खुद इनवेस्ट किए थे. उन्हें अपने पोते को हीरो बनाना था.”
क्या ‘अता पता लापता’ के डायरेक्टर थे राजपाल यादव?
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अता पता लापता के डायरेक्टर थे. इस पर राजपाल यादव ने आगे कहा, “ मैं अता पता लापता के डायरेक्टर नहीं था, ना हूं और ना रहूंगा. मैं एक्टर हूं. कभी-कभार 100 मैच खेलने होते हैं तो क्रिकेटर 95 मैच खेलता है और 5 मैच कभी कभार फुटबॉल खेल लेता है. तो ये हमारे लिए एक क्रिएटिव एक्सपेरिमेंट था कि 70 एमएम पर ब्रॉडवे को कैसे क्रिएट करें.”
राजपाल यादव ने आगे कहा, “क्या-क्या नुकसान उठाना पड़ा है पिछले 10 सालों में, लेकिन आप बहुत कुछ छिनने की कोशिश कर सकते हो लेकिन जिस हंसी को भगवान ने बनाया है उसे कौन छिन सकता है.”
‘कोर्ट नहीं होता तो सामने वाले फांसी लगवा देते’
राजपाल यादव से आगे इस पूरे कानूनी मुकदमे के बारे में पूछा गया तो एक्टर ने कहा था, “ मामला अभी भी कोर्ट में लंबित है. कोई हमे बदनाम कर रहा है या हमारी छवि खराब कर रहा है उससे हम विचलित नहीं हुए. मैं धन्यवाद देता हूं कोर्ट को कि अगर कोर्ट नहीं होता तो सामने वाले तो फांसी लगवा देते. कोर्ट ने बचाया है मुझे.क्योंकि कोर्ट में कोई भी आदमी एक्टिंग नहीं कर सकता. हां कभी कभी ऐसा होता है कि किसी के पास 50 पेज होते हैं सबूत के तौर पर और किसी के पास सिर्फ फिल्म जंग की तरह डायलॉग होता कि जज साहब जिनके पास सबूत नहीं होते तो क्या वो निर्दोष नहीं होते हैं.”
राजपाल यादव आगे कहते हैं, “ इन सबसे मैं सिर्फ ये बताना चाहता हूं कि जो तस्वीर है वो बहुत अलग है. मैं दोबारा धन्यवाद देना चाहता हूं कि कोर्ट ने हमारी बात को बहुत कुछ समझा.”
किस फिल्म को लेकर राजपाल पर पैसे लेने का है आरोप
बता दें कि राजपाल यादव पर साल 2012 में आई फील्म अता पता लापता बनाने के लिए 5 करोड़ लेने का आरोप है. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई थी. इसे 11 करोड़ की लागत में बनाया गया था और इसने महज 34 लाख की ग्रॉस कमाई की थी. फिल्म में राजपाल के अलावा असरानी, ओमपुरी, आशुतोष राणा, मनोज जोशी सहित कई कलाकारों ने काम किया था.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.