हुंडई 2030 तक दुनियाभर में 100 से ज्यादा नए मॉडल लॉन्च या मौजूदा मॉडल को अपडेट करने की तैयारी कर रही है। इनमें से 26 नए मॉडल या अपडेट भारत के लिए होंगे। आइए जानते हैं डीटेल।
भारत में बढ़ेगी प्रोडक्शन कैपेसिटी
हुंडई भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी को भी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2030 तक भारतीय प्लांट्स की कैपेसिटी में हर साल 3.20 लाख यूनिट का इजाफा करना चाहती है। साथ ही, कंपनी 90 प्रतिशत से ज्यादा पार्ट्स की लोकल सोर्सिंग का टारगेट लेकर चल रही है। इसके लिए 1,400 से ज्यादा सप्लायर्स और 900 से अधिक घरेलू इंजीनियरों का नेटवर्क काम करेगा। भारत के लिए यह प्लान हुंडई इंडिया के पहले से घोषित 45,000 करोड़ रुपये के निवेश वाले रोडमैप का हिस्सा है।
नई इलेक्ट्रिक एसयूवी और मिड-साइज एसयूवी पर फोकस
कंपनी अगले कुछ सालों में सात नए नेमप्लेट लाने की तैयारी कर रही है। इनमें MPV और ऑफ-रोड एसयूवी जैसे नए सेगमेंट भी शामिल होंगे। हुंडई भारत में अपनी पहली लोकली मैन्युफैक्चर्ड डेडिकेटेड इलेक्ट्रिक एसयूवी भी लाएगी। कंपनी के मुताबिक, यह मॉडल भारत के लिए खास तौर पर डिजाइन और लोकलाइज किया जाएगा। इसमें नई जनरेशन का इन्फोटेनमेंट सिस्टम और Level 2 ADAS मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा भारत में एक नई इंटरनल-कम्बशन इंजन (ICE) वाली मिड-साइज एसयूवी भी लॉन्च की जाएगी। हुंडई का लक्ष्य 2030 तक भारत में अपनी टोटल सेल में एसयूवी की हिस्सेदारी को 80 प्रतिशत तक पहुंचाना है। कंपनी भारत को दुनिया का अपना दूसरा सबसे बड़ा बाजार और एक मेजर एक्सपोर्ट हब भी बनाना चाहती है।
EV के साथ हाइब्रिड और EREV पर भी जोर
हुंडई की नई स्ट्रैटिजी सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों तक सीमित नहीं है। कंपनी अब हाइब्रिड और Extended-Range Electric Vehicle (EREV) जैसे ऑप्शन्स पर भी ज्यादा ध्यान दे रही है। हुंडई का लक्ष्य 2030 तक अपनी ग्लोबल सेल में इलेक्ट्रिफाइड वीइकल्स की हिस्सेदारी को 2025 के 23 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करना है। कंपनी ने 2030 तक दुनियाभर में 55.5 लाख गाड़ियों को बेचने का टारगेट भी बरकरार रखा है। नॉर्थ अमेरिका में 2030 तक 10 से ज्यादा हाइब्रिड मॉडल लाने की तैयारी है।
अगले आठ महीनों में 7 नए मॉडल
कंपनी अगले आठ महीनों में सात नए वीइकल लाने की तैयारी कर रही है। इनमें नई Tucson, Tucson Hybrid, Ioniq 3 और पहली Santa Fe EREV जैसे मॉडल शामिल हैं। Santa Fe EREV को 2027 की पहली छमाही में पेश करने की योजना है। इसकी कुल ड्राइविंग रेंज करीब 966 किलोमीटर होने की उम्मीद है। EREV में इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी के साथ पेट्रोल इंजन दिया जाता है, जिसका मेन काम बैटरी को चार्ज करने के लिए जनरेटर की तरह काम करना है। इससे इलेक्ट्रिक कार जैसा ड्राइविंग एक्सपीरियंस मिलता है, जबकि लंबी दूरी और चार्जिंग की चिंता कम हो जाती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.