बाजार से खरीदकर चिली सॉस लाते हैं तो उसमे तीखापन कम और खट्टापन ज्यादा होता है। अब अगर तीखा पसंद है तो क्यों ना इसे घर में ही बनाकर रेडी किया जाए। नोट कर लें बिल्कुल आसान सी ये रेसिपी।
घर में चाउमीन, मंचूरियन, स्प्रिंग रोल कुछ भी बन रहा हो बड़ों से लेकर छोटे तक चिली सॉस की डिमांड करते हैं। और हर बार इसे बाजार से खरीदते हैं तो एक बार इस रेसिपी को नोट कर लें। जिसकी मदद से बिना ज्यादा समय खर्च किए और सफाई के साथ घर में ही ताजी मिर्चों से आप चिली सॉस बनाकर रेडी कर सकती हैं। बाजार वाली अनहेल्दी, ज्यादा प्रिजरवेटिव्स डली चिली सॉस के मुकाबले इसका टेस्ट ज्यादा फ्रेश और बढ़िया लगता है। तो बस फटाफट नोट कर लें चिली सॉस बनाने की रेसिपी।
चिली सॉस बनाने की सामग्री
200 ग्राम फ्रेश हरी मिर्च (हल्के हरे रंग की)
आठ से दस लहसुन की कलियां
एक बड़े साइज का प्याज
छह चम्मच विनेगर
दो चम्मच चीनी
नमक स्वादानुसार
चिली सॉस बनाने की रेसिपी
तीखा पसंद करने वाले चिली सॉस ज्यादा खाते हैं लेकिन मार्केट वाले चिली सॉस ज्यादातर खट्टे होते हैं और उनमे तीखापन भी नहीं महसूस होता। ऐसे में ये फ्रेश चिली सॉस बेस्ट ऑप्शन है। इसे बनाने के लिए सिंपल दो से चार स्टेप फॉलो करने पड़ेंगे।
- सबसे पहले मार्केट से हल्के हरे रंग की मिर्चियों को ले आएं। इन्हें अच्छी तरह से धोकर साफ कर लें।
- अब किसी बड़े भगोने में इन सारी मिर्चियों की डंठल को निकालकर इनको दो भाग करके डाल दें।
- भगोने में लगभग आधा पानी भरें।
- साथ ही बड़े साइज में कटा हुआ प्याज और आठ से दस कली लहसुन की लें। इसे भी हरी मिर्ची के साथ डाल कर पांच से आठ मिनट तक धीमी आंच पर पकने के लिए रख दें।
- लगभग 8 मिनट पूरा हो जाने पर गैस की फ्लेम बंद कर दें।
- इतनी देर में मिर्चियां सॉफ्ट हो जाएंगी।
- अब इन मिर्चियों को ठंडा हो जाने दें। जब ये पूरी तरह से ठंडी हो जाए तो मिक्सी के जार में डालकर बिल्कुल सॉफ्ट, स्मूद सा पेस्ट बनाकर रेडी कर लें।
- ध्यान रहे कि भगोने में पकाते समय इसे ढंक दें और जब इसे मिक्सी में पीस रहे हों तो भी ढंककर रखें, जिससे इसकी तेज महक नाक को इरिटेट ना करें।
- मिर्ची का पेस्ट बनाने के बाद इसे दोबारा से भगोने में ही पलट दें।
- अब इसमे टेस्ट के लिए करीब छह से सात चम्मच व्हाइट विनेगर डालें। साथ ही एक चम्मच चीनी और स्वादानुसार नमक डाल दें।
- धीमी फ्लेम पर इस मिर्ची के पेस्ट को करीब पांच मिनट तक पकाएं। जब तक ये बिल्कुल गाढ़ा ना हो जाए।
- ध्यान रहे कि इसे बहुत ज्यादा गाढ़ा ना करें क्योंकि ठंडा होने के बाद ये और भी ज्यादा थिक हो जाता है।
- बस अच्छी तरह से ठंडा हो जाने दें और किसी कांच के एयर टाइट जार में भरकर फ्रिज में स्टोर कर लें।
- ये चिली सॉस पूरे एक महीना तक आराम से चल जाएगा।
- लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि चिली सॉस थोड़ा ही बनाएं क्योंकि ये काफी तीखा होता है और आप इसे बाजार जैसे चिली सॉस की मात्रा में यूज नहीं कर सकते।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.