बारिश के मौसम में कभी ठंड लगती है तो कभी उमस से पसीना आने लगता है। ऐसे में नहाने के लिए गर्म पानी चुनें या ठंडा? डॉक्टर ने इस कंफ्यूजन को दूर किया है, जानें आसान तरीका।
मानसून आते ही मौसम का मिजाज भी बदल जाता है। कभी तेज बारिश के बाद अचानक ठंड लगने लगती है, तो कभी बारिश रुकते ही हवा में इतनी उमस हो जाती है कि पसीना आने लगता है। ऐसे में नहाने के समय अक्सर समझ नहीं आता कि गर्म पानी लें या ठंडा। अगर आप भी हर दिन इसी बात को लेकर उलझन में रहते हैं, तो डॉक्टर की सलाह आपके काम आ सकती है।
तिरुवनंतपुरम के KIMSHEALTH में इंटरनल मेडिसिन के कंसल्टेंट डॉ. गणेश विश्वनाथन के अनुसार, बहुत गर्म और बहुत ठंडे दोनों तरह के पानी ही परेशानी का कारण बन सकते हैं। ऐसे में क्या करें, चलिए जानते हैं।
गर्म पानी के फायदे और नुकसान
- बारिश में भीगने के बाद गर्म पानी से नहाने पर शरीर को अच्छा और कंफर्टेबल फील होता है। इससे शरीर पर जमा पसीना, तेल और गंदगी भी साफ हो जाती है। लेकिन पानी बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए। ज्यादा गर्म पानी त्वचा के लिए सही नहीं है।
- बहुत गर्म पानी स्किन के नेचुरल ऑयल्स कम कर सकता है। इससे त्वचा ड्राई और फटी हुई लगती है। कुछ लोगों को त्वचा पर लाल निशान या जलन भी हो सकती है।
- बालों के लिए भी बहुत गर्म पानी अच्छा नहीं है। इससे बाल रूखे हो सकते हैं और बारिश के मौसम में बाल ज्यादा उलझे और बेजान लग सकते हैं।
ठंडे पानी के फायदे और नुकसान
- उमस वाले मौसम में ठंडे पानी से नहाने पर शरीर को तुरंत ताजगी महसूस होती है, गर्मी और पसीने से थोड़ी राहत भी मिलती है।
- लेकिन बारिश के मौसम में अचानक बहुत ठंडे पानी से नहा लेना भी सही नहीं है, तबियत खराब होने का डर रहता है।
- इसके अलावा ठंडा पानी शरीर पर जमा तेल, पसीना और गंदगी को भी उतनी अच्छी तरह साफ नहीं कर पाता।
फिर किस पानी से नहाना सही है?
डॉक्टर के अनुसार, गुनगुना पानी सबसे अच्छा ऑप्शन है। इससे शरीर पर जमा पसीना, तेल और गंदगी साफ करने में मदद मिलती है। साथ ही यह त्वचा को बहुत ज्यादा सूखने से भी बचाता है। यानी मानसून में नहाते समय आपको किसी एक चीज को चुनने की जरूरत नहीं है। गर्म और ठंडे पानी के बीच का रास्ता चुनें।
पानी कितना गर्म होना चाहिए?
नहाने का पानी ऐसा होना चाहिए जो शरीर को आराम दे। अगर पानी शरीर पर डालते ही बहुत गर्म या चुभता हुआ लगे, तो उसे थोड़ा ठंडा कर लें। इसी तरह अगर पानी इतना ठंडा है कि शरीर कांपने लगे, तो उसे थोड़ा गुनगुना करना बेहतर है।
नोट: बारिश के मौसम में नहाने के लिए बहुत गर्म या बहुत ठंडे पानी के बजाय गुनगुना पानी चुनें। अगर आप बारिश में भीगकर घर आए हैं, तो तुरंत बहुत ठंडे पानी से ना नहाएं। कुछ देर शरीर को सामान्य होने दें और फिर गुनगुने पानी से नहाएं। इससे शरीर साफ भी रहेगा और त्वचा को भी कम परेशानी होगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.