दिल्ली बीजेपी मुख्यालय पर पार्टी की आज शाम बड़ी बैठक है. इस मीटिंग में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे. गृहमंत्री के अलावा इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, विनोद तावड़े समेत पार्टी के कई सीनियर नेता शामिल होंगे. यह बैठक पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर रखी गई है. इसके अलावा आगे की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा.
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल
बीजेपी ने पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का सेवा संकल्प अभियान शुरू किया है. पार्टी के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य सेवा गतिविधियों, जनसंपर्क प्रोग्राम के जरिए पीएम के 25 सालों के सार्वजनिक जीवन को रेखांकित करना है.
पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर संवैधानिक पद संभाला था. इसके 25 साल, 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होने हैं. अभियान के तहत ब्लड डोनेशन कैंप, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण समेत कई कार्यक्रमों की योजना तैयार की गई है. भाजपा ने इसे सेवा और जनभागीदारी से जोड़कर देशभर में आयोजित करने की बात कही है.
कल से PM मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रियों की चिंतन बैठक
इस बैठक के अलावा 23 सितंबर से दो दिवसीय चिंतन बैठक होने जा रही है. इसमें सभी केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे. बुधवार को प्रस्तावित इस चिंतन बैठक में सुधार पर खास जोर देते हुए, गवर्नेंस और पॉलिसी बनाने से जुड़े अहम पहलुओं पर भी चर्चा की उम्मीद है. सरकारी सूत्रों ने बताया है कि 23 से 24 सितंबर को होने वाला यह मंथन सत्र सेवा तीर्थ में होगा. यह पीएमओ यानी प्रधानमंत्री कार्यालय में स्थित है. इसमें मंत्रियों की पूरी परिषद हिस्सा लेगी. पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सरकारी योजनाओं की प्रगति, पॉलिसी लागू करने और समय के प्रबंधन, मंत्रालयों के बीच तालमेल और पब्लिक सर्विस डिलीवरी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.