Alcohol Harmful Effects: रोज शराब पीने से लिवर सिरोसिस, हार्ट डिजीज, पैंक्रियाटाइटिस, मानसिक समस्याएं और कई प्रकार के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है. शुरुआत में यह आदत सामान्य लगती है, लेकिन लंबे समय में शरीर के लगभग हर अंग को नुकसान पहुंचा सकती है. बेहतर स्वास्थ्य के लिए शराब से दूरी बनाना जरूरी है.
शराब पीने से कई तरह के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है.
देश के जाने-माने लिवर डॉक्टर एसके सरीन ने कई इंटरव्यू में बताया है कि शराब लिवर की सबसे बड़ी दुश्मन है. लिवर हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है और टॉक्सिन्स बाहर निकालने का काम करता है. रोज शराब पीने से फैटी लिवर, अल्कोहलिक हेपेटाइटिस और लिवर सिरोसिस जैसी गंभीर स्थितियां हो सकती हैं. सिरोसिस में लिवर धीरे-धीरे खराब होकर काम करना बंद कर सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है. लंबे समय तक शराब का सेवन लिवर कैंसर का खतरा भी बढ़ा सकता है. जिन लोगों को पहले से लिवर की समस्याएं हैं, वे भूलकर भी शराब न पिएं.
कार्डियोलॉजिस्ट्स की मानें तो शराब पीने से दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है. रोज शराब पीने से हाई ब्लड प्रेशर, अनियमित धड़कन, कार्डियोमायोपैथी और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है. शराब खून में फैट का स्तर बढ़ा सकती है और ब्लड प्रेशर को अनकंट्रोल कर सकती है, जिससे हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ जाता है. इसके अलावा रोज शराब पीने से गैस्ट्राइटिस, अल्सर और पैंक्रियाटाइटिस जैसी समस्याएं हो सकती हैं. पैंक्रियाटाइटिस एक गंभीर स्थिति है, जिसमें पैंक्रियाज में सूजन आ जाती है और यह बेहद दर्दनाक व जानलेवा हो सकती है. शराब आंतों की कार्यक्षमता को भी प्रभावित करती है.
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) की रिपोर्ट बताती हैं कि रोज शराब पीने से कई तरह के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है. अगर आप रोज बेहद कम मात्रा में भी शराब पीते हैं, फिर भी इससे कैंसर समेत कई जानलेवा बीमारियों का रिस्क बढ़ता है. शराब की एक बूंद को भी डब्ल्यूएचओ ने सुरक्षित नहीं माना है. रोज शराब पीने मुंह, गले, इसोफेगस, लिवर, ब्रेस्ट और कोलन कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है. रोज शराब पीने से इम्यूनिटी कमजोर होती है, जिससे शरीर बीमारियों से सही तरीके से लड़ नहीं पाता है. इसके अलावा नियमित शराब पीने से सेवन से डिप्रेशन, एंजायटी और नींद की समस्याएं बढ़ सकती हैं. शुरुआत में शराब तनाव कम करती हुई लग सकती है, लेकिन लंबे समय में यह दिमाग के केमिकल संतुलन को बिगाड़ देती है. शराब की लत से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से एल्कोहल पर निर्भर हो जाता है.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.