हाल ही में पीटीआई को दिए एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में हरभजन सिंह ने एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसको पढ़कर आप सोचेंगे ऐसा कैसे हो सकता है। उस एक मजाक, जिसमें युवराज सिंह, हरभजन सिंह, राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर शामिल थे, के कारण गांगुली कप्तानी छोड़ने को तैयार थे।
नकली अखबार की कतरनें और गांगुली के अनर्गल बयान
हरभजन ने पिछले हफ्ते यहां पीटीआई मुख्यालय में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में इस घटना को याद करते हुए कहा, ”पूरी टीम बैठी हुई थी जब हमने यह ड्रामा रचा और दादा को अप्रैल फूल बनाने का फैसला किया। युवराज सिंह ने शुरुआत करते हुए कहा, ‘दादा, आपने प्रेस में क्या बयान दिया है। उन्होंने दादा से कहा कि आपने कहा है कि युवराज सिंह पार्टी करने का शौकीन है, हरभजन को किसी की परवाह नहीं है, आशीष नेहरा भी अपनी ही दुनिया में खोए रहते हैं और जहीर खान भी खूब पार्टी करते हैं।” 46 वर्षीय हरभजन ने कहा, ”दादा ने पूछा, ‘मैंने ऐसा कब कहा?’ इसके बाद उन्हें अखबार की कतरनें दिखाईं गई और उनसे पूछा गया, यह क्या है?”
असमंजस में पड़े गांगुली, कप्तानी छोड़ने को हो गए तैयार
गांगुली इससे असमंजस में पड़ गए। वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ भी इसमें शामिल हो गए और उन्होंने इस बात को ऐसी विश्वसनीयता दी कि उसे नकारना असंभव था।
हरभजन ने कहा, ”हमने अपने सीनियर खिलाड़ियों को पहले ही इस बारे में बता दिया था। मैंने पाजी (तेंदुलकर) से कहा, ‘पाजी, आप उनसे बात कीजिए।’ और उन्होंने दादा से कहा, ‘दादा, अगर आपने ऐसा किया है, तो यह गलत है।’ राहुल द्रविड़ भी उनका साथ दे रहे थे। उन्होंने भी कहा, ‘दादा, यार, ऐसा करना ठीक नहीं है।’ जब दो सीनियर खिलाड़ियों ने ऐसा कहा, तो दादा सोच में पड़ गए।”
उन्होंने कहा, ”दादा ने कहा, ‘मैं कसम खाता हूं, मैंने ऐसा नहीं किया। अगर यह साबित हो जाता है कि मैंने ऐसा किया है तो मैं कप्तानी छोड़ दूंगा।”
मामला यहीं पर नहीं थमा। हरभजन और कुछ अन्य खिलाड़ियों ने अपनी किट उठाई और ड्रेसिंग रूम से बाहर जाने लगे, जिससे गांगुली की बेचैनी बढ़ गई।
हरभजन ने कहा, ”जब दादा अखबार की कतरने पढ़ रहे थे तो हम दो-तीन लोगों ने अपने बैग उठाए और बाहर जाने लगे। दादा हमारे पीछे दौड़ते हुए आए और बोले, ‘अरे यार, रुको। कल मैच है। तुम लोग क्या कर रहे हो?”
ऐसे हुआ नाटक का भंडाफोड़
हालांकि, मामला और पेचीदा होने से पहले ही यह नाटक खत्म हो गया क्योंकि किसी की हंसी छूट गई और नाटक का भंडाफोड़ हो गया।
हरभजन ने कहा, ”दादा उस तरह के कप्तान थे जिन्हें हम उस दिन आसानी से बेवकूफ बना सकते थे, लेकिन बाद में हमें लगा, ‘यार, हमने इस भले आदमी को वास्तव में बहुत परेशान किया।’ कोई दूसरा कप्तान होता तो वह सचमुच हमें अपना सामान उठाने के लिए कहता और कहता, ‘यहां से निकलो और घर जाओ। लेकिन वह मेरे लिए बड़े भाई की तरह थे।”
ड्रॉमे के दौरान फील्डिंग के लिए इंतजार कर रहे थे कोच जॉन राइट
जब ड्रेसिंग रूम में यह तनाव पैदा हो गया था तब टीम के मुख्य कोच जॉन राइट अभ्यास के लिए फील्डिंग ‘कोन’ लगाने में व्यस्त थे। आखिरकार यह पाकिस्तान के खिलाफ बेहद महत्वपूर्ण घरेलू शृंखला थी और हरभजन ने उन्हें विशेष रूप से इस बार ‘टीम के आंतरिक मामलों’ से दूर रहने के लिए कहा था। मिलनसार स्वभाव वाले राइट धैर्यपूर्वक मैदान पर इंतजार करते रहे और साथ ही सोचते रहे कि आखिर ऐसी क्या बात हो सकती है जो खिलाड़ी इतनी देर तक ड्रेसिंग रूम में जमे हुए हैं। हरभजन ने कहा, ”जॉन राइट बाहर इंतजार कर रहे थे और सोच रहे थे कि ‘खिलाड़ी कब बाहर आएंगे? मैं उन्हें फील्डिंग का अभ्यास कब करवाऊंगा।’ 15 मिनट, 20 मिनट बीत गए। टीम अभी भी बाहर नहीं आई थी। वह बाहर इंतजार करते रहे जबकि अंदर यह सारा ड्रामा चल रहा था।”
ड्रेसिंग रूम को खुशनुमा बनाए रखने का तरीका
हरभजन ने कहा कि इस तरह की शरारतें टीम के साथियों के साथ मेलजोल बढ़ाने, उनके साथ कुछ हंसी-मजाक करने और माहौल को खुशनुमा बनाए रखने का एक अच्छा तरीका है। उन्होंने कहा, ”अगर आप सिर्फ क्रिकेट की बात करें तो ड्रेसिंग रूम का माहौल गंभीर हो जाता है। फिर कोई मजा नहीं आता। ड्रेसिंग रूम का माहौल खुशनुमा रहना चाहिए। इससे जीत में मदद मिलती है।” हरभजन ने कहा, ”आप मैदान में वापस लौटते हैं, उस पर चर्चा करते हैं और बस बात खत्म हो जाती है। अगर आप लगातार खेल के बारे में सोचते रहेंगे और उसी में उलझे रहेंगे तो माहौल गमगीन हो जाएगा। अगर आपने ऐसा माहौल बना दिया है, तो वापस जाने पर आप क्या करेंगे?”
उनकी यह बात सच साबित हुई क्योंकि वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के शतकों की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 87 रन से हरा दिया। इस मैच में तेंदुलकर ने पांच विकेट लिए।
इन छह मैचों का परिणाम हालांकि निराशाजनक रहा क्योंकि भारत को पहले दो मैच जीतने के बाद 2-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.