जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आज जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बेंगलुरु एवं मुंबई से आने वाले यात्रियों से मुलाकात कर उनके यात्रा अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विभिन्न शहरों से आए यात्रियों ने एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छता, परिवहन व्यवस्था एवं विश्वस्तरीय वातावरण की मुक्त कंठ से सराहना की।
नोएडा निवासी रोहित भट्ट, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक यात्री तथा दनकौर निवासी त्यागी जी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जैसे ही वे एयरपोर्ट पर उतरे, उन्हें किसी अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट पर होने का वास्तविक अनुभव हुआ। यात्रियों ने बताया कि टर्मिनल की भव्यता, सुव्यवस्थित संचालन, साफ-सफाई और कर्मचारियों का व्यवहार अत्यंत संतोषजनक रहा।
यात्रियों ने यह भी बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था भी सुचारु रूप से उपलब्ध है। साझा (Sharing) टैक्सी सेवा के माध्यम से नोएडा तक लगभग ₹350 प्रति यात्री में यात्रा की जा सकती है, जबकि पूरी ईवी टैक्सी (Exclusive EV Taxi) का किराया लगभग 1400 है। इसके अतिरिक्त बस सेवाएँ भी उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को किफायती एवं सुविधाजनक आवागमन का विकल्प मिल रहा है।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “आज यात्रियों के चेहरों पर दिखाई देने वाली संतुष्टि और खुशी यह प्रमाणित करती है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट केवल एक आधारभूत संरचना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के नए विकास मॉडल का प्रतीक बन चुका है। विश्वस्तरीय सुविधाएँ, स्वच्छ एवं आधुनिक वातावरण तथा बेहतर परिवहन व्यवस्था इस एयरपोर्ट को देश के श्रेष्ठ हवाई अड्डों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में अग्रसर हैं।”
जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने आगे कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व में साकार हुई यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए द्वार खोल रही है। आने वाले समय में यह एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश की प्रगति का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।” जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “वे लगातार यात्रियों से संवाद कर उनकी प्रतिक्रियाएँ और सुझाव प्राप्त कर रहे हैं, ताकि संबंधित एजेंसियों के समन्वय से आवश्यक सुधार भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किए जा सकें और यात्रियों को सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध होती रहें।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.