गुरुग्राम, एक सितंबर गुरुग्राम पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए साइबर धोखाधड़ी में शामिल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि ये आरोपी खुद को एप्पल कंपनी की ग्राहक सेवा का प्रतिनिधि बताकर अमेरिकी नागरिकों को सहायता देने के बहाने उनके साथ साइबर धोखाधड़ी करते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से नौ लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, दो हेडसेट/माइक्रोफोन, दो कार, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटर जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, साइबर पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम के पालम विहार में एक ठिकाने से फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। यहां कथित तौर पर एप्पल ग्राहक सेवा का प्रतिनिधि बनकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा था और उनके साथ साइबर धोखाधड़ी की जा रही थी। इस मामले में गुरुग्राम के साइबर अपराध थाने (पश्चिम) में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सूचना के आधार पर सोमवार को छापेमारी की। इस दौरान आरोपी लैपटॉप, हेडसेट और मोबाइल फोन के जरिए विदेशी नागरिकों से अंग्रेजी में बातचीत करते मिले। पुलिस ने बताया कि मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान प्रीतपाल सिंह, मोहम्मद रिजान अंसारी, चैतन्य गोयल, शाहरुख अंसारी, संजीव पांडे, शिवम, आदित्य, दीपक त्रिवेदी और वरुण गौतम के रूप में हुई है। ये सभी दिल्ली के रहने वाले हैं
पुलिस ने बताया कि ओडिशा निवासी मनीष और हरियाणा के रहने वाले नीरज को भी गिरफ्तार किया गया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.