जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में आज गोंडोला सेवा में तकनीकी खराबी आने से कई पर्यटक बीच हवा में फंस गए। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और संयुक्त दलों को मौके पर तैनात किया गया। बचाव अभियान में सेना को भी लगाया गया। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोंडोला की केबल कार सेवा तकनीकी खराबी के कारण अस्थायी रूप से रोक दी गई है। इस दौरान कुल पैंसठ केबिन बीच रास्ते में रुक गए, जिनमें सवार पर्यटक कुछ समय तक फंसे रहे। घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, राज्य आपदा मोचन बल और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना रहा।
इसे भी पढ़ें: Jammu and Kashmir: शोपियां में NIA की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित दारुल उलूम सिराजुल उलूम और पूर्व जमात प्रमुख के घर पर छापेमारी
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी केबिन सुरक्षित हैं और किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रशिक्षित बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांत रहने की अपील भी की।
उधर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय ने भी बचाव अभियान की निगरानी की पुष्टि की है। उपराज्यपाल ने कहा कि वह स्वयं पूरे अभियान पर नजर रखे हुए हैं और पुलिस महानिदेशक को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस, सेना, राज्य आपदा मोचन बल, उपायुक्त तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त टीमें सभी पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय सेना की चिनार कोर और गोंडोला संचालकों ने तेजी से राहत कार्य शुरू कर दिया था। बचाव दल विशेष उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मियों की मदद से एक एक केबिन तक पहुंचे ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
हम आपको बता दें कि गुलमर्ग गोंडोला देश के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में से एक माना जाता है और हर वर्ष हजारों पर्यटक यहां पहुंचते हैं। आज की घटना ने कुछ समय के लिए चिंता का माहौल जरूर पैदा किया, लेकिन प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को संभाल लिया गया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.