- कॉपी लिंक
गोविंदा हाल ही में एक इवेंट में शामिल हुए, जहां भारी भीड़ के बीच उनके बाउंसर और एक पैपराजी के बीच बहस हो गई। बाउंसर पर कथित तौर पर धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार का आरोप लगा। मामला बढ़ता देख गोविंदा ने खुद बीच में आकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
दरअसल, विवाद उस समय शुरू हुआ, जब इवेंट खत्म होने के बाद गोविंदा वहां से लौट रहे थे और बड़ी संख्या में फैंस ने उन्हें घेर लिया। भीड़ को कंट्रोल करने के दौरान बाउंसर ने एक्टर के लिए रास्ता बनाने की कोशिश की। इसी दौरान कुछ लोगों को कथित तौर पर धक्का लग गया, जिसमें पैपराजी भी शामिल थे। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध जताया और बहस शुरू हो गई।

मामला बढ़ता देख गोविंदा ने तुरंत हस्तक्षेप किया। वीडियो में वह दोनों पक्षों के बीच आकर कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘सर जी… रहने दो…।’
बता दें कि इवेंट में गोविंदा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। वहां मौजूद फैंस ने उनके डांस और मौजूदगी का जमकर आनंद लिया।
शिल्पा के शो में नजर आएंगे गोविंदा
गोविंदा जल्द ही कुकिंग रियलिटी शो ‘मां है ना’ में नजर आएंगे। यह शो शिल्पा शेट्टी होस्ट कर रही हैं। वह शो में अपनी बेटी टीना आहूजा को सपोर्ट करेंगे। टीना मां सुनीता आहूजा के साथ एक टीम के हिस्से के तौर पर शो में हिस्सा ले रही थीं।
हालांकि, पिछले कुछ एपिसोड्स की शूटिंग में सुनीता की गैरमौजूदगी के कारण अब गोविंदा उनकी जगह शो में शामिल होंगे।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि सुनीता पिछले कुछ एपिसोड्स की शूटिंग के लिए उपलब्ध नहीं थीं। ऐसे में शो की टीम ने टीना की जिंदगी के एक और अहम शख्स को शो में लाने का फैसला किया और गोविंदा से संपर्क किया। सूत्र के मुताबिक, गोविंदा ने शो का हिस्सा बनने के लिए हामी भर दी है।
सोशल मीडिया पर गोविंदा के शो के सेट में स्पॉट होने के वीडियो भी सामने आए हैं।

शो के शूट के दौरान गोविंदा, टीना और शिल्पा ने साथ में फोटोज क्लिक करवाए।
2016 के बाद सिर्फ 3 फिल्मों में नजर आए गोविंदा
वर्कफ्रंट की बात करें तो पिछले 10 सालों में गोविंदा सिर्फ 3 फिल्मों में नजर आए हैं। साल 2017 में आई आ गया हीरो से उन्होंने लीड एक्टर और प्रोड्यूसर के तौर पर कमबैक किया, लेकिन फिल्म फ्लॉप रही। इसके बाद फ्राइडे में उनकी कॉमिक टाइमिंग को पसंद किया गया, फिर भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। साल 2019 में रिलीज हुई रंगीला राजा में उन्होंने डबल रोल निभाया, लेकिन यह फिल्म भी बड़ी डिजास्टर साबित हुई।

गोविंदा ने 140 से अधिक हिंदी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 1986 में फिल्म ‘इल्जाम’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
वहीं, पिछले कई दिनों से यह चर्चा है कि वो बड़े पर्दे पर कमबैक करने की तैयारी कर रहे हैं। इसमें दुनियादारी, बाएं हाथ का खेल, पिंकी डार्लिंग और लेन-देन: इट्स ऑल अबाउट बिजनेस जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों की घोषणा तो हुई, लेकिन रिलीज डेट सामने नहीं आई।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
