रात के समय ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए भारत सरकार जल्द ही गाड़ी के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रही है। बता दें कि सरकार ने सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया है।
क्या होंगे बदलाव?
ताजा अपडेट के मुताबिक, अब नई टू-व्हीलर्स में मिलने वाला ऑटोमैटिक हेडलाइट सिस्टम सिर्फ लो-बीम पर ही सेट रहेगा। अभी होता यह है कि ऑटोमैटिक लाइट की वजह से कई बार गाड़ी की हेडलाइट हाई-बीम पर जलती रहती है। इससे सामने वाले को रास्ता दिखना बंद हो जाता है। नया नियम आने के बाद जैसे ही ऑटोमैटिक लाइट ऑन होगी, वह लो-बीम पर ही काम करेगी। इससे सामने से आ रहे लोगों को गाड़ी चलाने में कोई परेशानी नहीं होगी। हालांकि, राहत की बात यह है कि यह नियम सिर्फ आने वाली नई गाड़ियों पर लागू होगा। सड़कों पर पहले से चल रही पुरानी गाड़ियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
लाइट की ब्राइटनेस भी होगी कम
इतना ही नहीं, सरकार गाड़ियों की लाइट की ब्राइटनेस को भी कम करने जा रही है। नए नियमों के तहत टू-व्हीलर्स की लाइट की ब्राइटनेस लिमिट 1.5 लाख कैंडेला से घटाकर 1 लाख कैंडेला की जाएगी। जबकि फोर-व्हीलर्स के लिए यह लिमिट 2.25 लाख कैंडेला से घटाकर 1.5 लाख कैंडेला होगी। साथ ही, बहुत ज्यादा सफेद और चुभने वाली लाइट पर रोक लगाने के लिए लाइट का मैक्सिमम कलर टेम्परेचर 6,500 केल्विन तय करने की बात कही गई है।
अलर्ट सिस्टम देने की तैयारी
शहरों के अंदर बेवजह तेज लाइट जलाकर चलने वाले चालकों को सुधारने के लिए गाड़ियों में एक नया बीप या आवाज वाला अलर्ट सिस्टम देने की तैयारी है। अगर कोई ड्राइवर शहर के अंदर चलते हुए जानबूझकर हाई-बीम ऑन करेगा, तो गाड़ी में एक वॉर्निंग साउंड बजेगी, जो उसे तुरंत लाइट धीमी करने की याद दिलाएगी। अगर आप हाइवे पर 60 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की स्पीड में गाड़ी चला रहे होंगे, तो यह आवाज नहीं बजेगी। दरअसल, अंधेरे हाइवे पर दूर तक देखने के लिए तेज लाइट की जरूरत होती ही है।
रात का सफर होगा ज्यादा सेफ
रात के अंधेरे और घने कोहरे में हादसों को रोकने के लिए बसों और भारी ट्रकों को लेकर भी नए निर्देश आ रहे हैं। अब ऐसी बड़ी गाड़ियों पर अच्छी क्वालिटी का असली रिफ्लेक्टिव टेप लगाना जरूरी किया जा सकता है। अक्सर देखा जाता है कि रात में सड़कों के किनारे खड़ी या धीरे चल रही बड़ी गाड़ियां अंधेरे में नजर नहीं आतीं, जिससे पीछे से आ रही गाड़ियां उनसे टकरा जाती हैं। रिफ्लेक्टिव टेप लगने से पीछे से आने वाली गाड़ी की रोशनी पड़ते ही वे दूर से ही चमकने लगेंगी, जिससे रात का सफर ज्यादा सेफ हो जाएगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.