Cleaning Hacks: कपड़े साथ धोने पर अक्सर हल्के कपड़ों पर डार्क कपड़ों का रंग लग जाता है। खासकर सफेद कपड़ों के साथ ये प्रॉब्लम बड़ी आम है। लेकिन टेंशन वाली कोई बात नहीं, क्योंकि ये 3 हैक्स आपका काम आसान बना देंगे।
बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल करें
सफेद या किसी हल्के रंग के कपड़े पर कोई दूसरा रंग चढ़ गया है, तो उसे हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी में गुनगुना पानी लें और उसमें 1 चम्मच बेकिंग सोडा और आधा नींबू का रस डाल दें। इसके साथ ही पानी में थोड़ा सा डिटर्जेंट पाउडर भी एड करें। अब इस घोल में कपड़े को लगभग 1 से डेढ़ घंटे के लिए भिगोकर रख दें। इसे हल्के हाथों से रगड़ेंगे तो कपड़े पर लगा हुआ रंग निकलकर पानी में आ जाएगा।
काम की टिप- अगर आपके पास बेकिंग सोडा नहीं है तो मार्केट से एक ईनो का पैकेट ला कर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
लिक्विड डिटर्जेंट के साथ फैब्रिक ब्लीच मिलाएं
अगर सफेद कपड़े पर कोई दूसरा रंग लग गया है तो ये घोल बनाकर तैयार करें। इसके लिए 3 बड़े चम्मच लिक्विड डिटर्जेंट में डेढ़ चम्मच फैब्रिक ब्लीच और 1 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर घोल तैयार कर लें। अगर रंगीन कपड़ा है तो फैब्रिक ब्लीच की जगह आप हाइड्रोजन पेरोक्साइड का इस्तेमाल करें। अब कपड़े पर जहां भी रंग लगा हुआ है, वहां वहां ये घोल लगाएं और पानी में एक से डेढ़ घंटे के लिए भिगोकर रख दें। हल्के हाथों से रगड़ने पर ही सारा रंग निकल जाएगा।
काम की टिप- अगर ये प्रोसेस करने के बाद भी कपड़े पर हल्का सा रंग रह गया है तो उसे धूप में सूखने के लिए डाल दें। रंग पूरी तरह से हट जाएगा।
विनेगर और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें
कपड़े पर कोई जिद्दी गहरा रंग लग गया है तो आप विनेगर यानी सफेद सिरका और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक बाउल में थोड़ा सा लिक्विड डिटर्जेंट लें और उसमें आधा चम्मच बेकिंग सोडा और 1 चम्मच के करीब सफेद सिरका डाल दें। इस घोल को रंग वाली जगह पर लगाएं और आधा घंटे के लिए छोड़ दें। अब कपड़े धोने वाले ब्रश की मदद से हल्का-हल्का रगड़ते हुए साफ कर लें। जिद्दी से जिद्दी दाग साफ हो जाएगा।
कपड़ों पर ना लगे दूसरा रंग इसलिए ध्यान रखें ये बातें
कपड़ों पर दूसरे कपड़े का रंग चढ़ने से बचाने के लिए धोने से पहले कपड़ों को रंग और फैब्रिक के हिसाब से अलग कर लें। हमेशा हल्के और गहरे रंग के कपड़े अलग धोएं। खासकर नए कपड़े या जो कपड़े अक्सर रंग छोड़ते हैं, उन्हें अलग धोना ही सही होता है।
काम की टिप- रंग छोड़ने वाले कपड़ों को नमक और फिटकरी के पानी में भिगोकर रखें। इनका कलर काफी हद तक लॉक हो जाता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.