सोने और चांदी की कीमतों में तेजी अगले सप्ताह भी जारी रहने की उम्मीद है।विश्लेषकों ने बताया कि प्रमुख देशों के महंगाई के आंकड़े और पश्चिम एशिया में तनाव खत्म करने की कोशिशों पर सर्राफा बाजार की नजर रहेगी।
उन्होंने आगे बताया कि निवेशक अमेरिका, जर्मनी, जापान और भारत के महंगाई के आंकड़ों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा चीन के आगामी आर्थिक आंकड़े भी औद्योगिक धातुओं के लिए काफी अहम साबित होंगे।
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के जिंस एवं मुद्रा शोध के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रणव मेर ने कहा, ‘‘सोने और चांदी का रुख सकारात्मक दिख रहा है। उम्मीद है कि छोटी अवधि में सोना 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.80 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर की ओर बढ़ सकती है।’’
घरेलू बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अक्टूबर डिलिवरी वाला सोना इस सप्ताह ₹8,444 या लगभग छह प्रतिशत चढ़कर 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
सितंबर डिलिवरी वाली चांदी की वायदा कीमत 14,268 रुपये या लगभग सात प्रतिशत की बढ़त के साथ 2.31 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘इस सप्ताह सोने में जोरदार तेजी देखी गई और यह लगभग छह प्रतिशत चढ़ गया। अमेरिका में रोजगार के उम्मीद से कमजोर आंकड़ों ने अमेरिकी केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है।’’
उन्होंने आगे कहा कि डॉलर के कमजोर होने से भी कीमती धातुओं में नई खरीदारी को बढ़ावा मिला, जिससे सोना हाल के महीनों में अपनी सबसे मजबूत साप्ताहिक बढ़त दर्ज करने में सफल रहा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.