Glenn Phillips Catch Video: ग्लेन फिलिप्स ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में गजब का कैच पकड़ा। कीवी क्रिकेटर का वीडियो देखकर आप भी दांतों तले उंगली दबा लेंगे। वह गुयाना अमेजन वॉरियर्स में हैं।
ग्लेन फिलिप्स ने एक हाथ से लपका कैच
फिलिप्स ने बेहतरीन कैच पकड़ने का कमाल तीसरे ओवर किया। यह ओवर ड्वेन प्रीटोरियस ने डाला। उन्होंने पहली गेंद शॉर्ट फेंकी, जिसपर नरेन ने हवाई फायर करने का प्रयास किया। डीप स्क्वायर लेग पर खड़े फिलिप्स ने जैसे ही बॉल अपनी तरफ आते हुई देखी तो तुरंत अपनी दाईं ओर दौड़ लगाई। एक पल को लगा कि कीवी क्रिकेटर को शायद बॉल की दिशा नजर नहीं आई। हालांकि, फिलिप्स ने जल्दी से खुद को संभाला और सही समय पर दाहिना हाथ बढ़ाया। वह किसी तरह एक हाथ से बॉल को लपकने में कामयाब रहे। गेंद पकड़ने के बाद फिलिप्स को भी कुछ देर तक नहीं हुआ। वह वहीं खड़े रहे और फिर मुस्कुराने लगे। बतौर ओपनर उतरे नरेन ने दो गेंदों में एक रन बनाया।
देखें वीडियो…
शिमरॉन हेटमायर ने शतक से लूटी महफिल
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स बनाम गुयाना अमेजन वॉरियर्स मैच बारिश से प्रभावित रहा। गुयाना ने डीएलएस पद्धति से 9 रनों से मैच अपने नाम किया। मैच 16-16 ओवर का खर दिया गया था। गुयाना ने पावरप्ले में दो विकेट गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज फिलिप्स चार गेंदों का सामना करने के बाद शून्य पर लौटे। शाई होप ने 11 गेंदो में 16 रन जुटाए। 90 मिनट से ज्यादा की देरी के बाद जब मैच शुरू हुआ तो शिमरॉन हेटमायर ने शानदार सेंचुरी लगाकर गुयाना की पारी को संभाला। उन्होंने 43 गेंदों में 8 चौकों और 9 छक्कों की बदौलत नाबाद 111 रन बनाए। वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। रोमारियो शेफर्ड ने 7 गेंदों में नाबाद 27 रन जुटाए। गुयाना ने 185/5 का स्कोर बनाया। वहीं, ट्रिनबागो को 182 रनों का संशोधित टारगेट मिला। ट्रिनबागो ने 16 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 172 रन जुटाए। उसके लिए एलेक्स हेल्स (24 गेंदों में 55) ने सर्वाधिक रन बनाए। कप्तान निकोलस पूरन के बल्ले से 16 गेंदों में 43 रन निकले। पूरन ने तीन चौके और चार सिक्स उड़ाए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.